18 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या की:3 महीने पहले ही आया था भिवाड़ी, प्राइवेट कंपनी में करता था काम
भिवाड़ी की लेबर कॉलोनी में रहने वाले 18 वर्षीय युवक ने रविवार दोपहर अज्ञात कारणों के चलते फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक के शव को भिवाड़ी के उप जिला स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया है।
तीन महीने पहले ही भिवाड़ी आया था युवक
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के बैचूपुर चंदौली मुगलसराय का रहने वाला सूरज चौहान (18) पुत्र संजय चौहान भिवाड़ी में तैयब कॉलोनी में अपने बहनोई के साथ किराए का कमरा लेकर रह रहा था। मृतक भिवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित आशीर्वाद पाइप कंपनी में काम करता था और मृतक अभी 3 महीने पहले ही अपने गांव से भिवाड़ी आया था। मृतक युवक अविवाहित बताया जा रहा है।
मृतक का जीजा भी भिवाड़ी में किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता है। रविवार को मृतक सूरज चौहान का जीजा कंपनी में काम पर गया था और उसकी बहन बाहर कहीं काम कर रही थी। तभी दोपहर को वह कमरे के अंदर गया और उसने छत पर लगे कुंदे में रस्सी लगाकर फंदा लगा लिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जब उसकी बहन ने कमरे में जाकर देखा तो अपने भाई को फंदे से लटका देखा। इसके बाद बहन ने अपने पति को फोन किया और पूरा मामला बताया। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। फिलहाल परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल भिवाड़ी पुलिस यह पता लगाने में लगी हुई है कि युवक ने फंदा लगाकर अपनी जान क्यों दी।
Naresh Chouhan 

