तीन बदमाशों ने दिया था वारदात को अंजान:200 फुट रोड से लूटी कार डिवाइडर से टकरा कर पलटी, दो गिरफ्तार
शहर के एनईबी थाना क्षेत्र में 200 फुट राेड पर फ्रेंड्स गार्डन के सामने से लूटी गई स्कॉर्पियो गाडी दिवाकरी के समीप सूर्य नगर माेड पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। पुलिस ने दाे बदमाशों काे गिरफ्तार कर लिया है। गाड़ी पलटने से दाेनाें बदमाशों काे चाेटें आई हैं। दुर्घटना में स्कार्पियो क्षतिग्रस्त हाे गई।
पुलिस ने बदमाश नितेश स्वामी निवासी बहरोड़ और प्रिंस शर्मा निवासी नगर भरतपुर को गिरफ्तार किया है। 60 फुट राेड दया नगर निवासी तपेंद्र सिंह ने एमआईए में मैट्साे कंपनी में गाड़ी लगाई हुई है। रात की शिफ्ट में उसे बख्तल की चाैकी से कर्मचारी लेकर फैक्ट्री छाेडने थे। रात करीब 10.30 बजे 200 फुट राेड पर फ्रेंड्स गार्डन के समीप बाइक सवार तीन बदमाशों ने स्कार्पियो रुकवा ली।
बदमाशों ने तपेंद्र के साथ मारपीट की और धक्का देकर गाड़ी लूट ली। दाे बदमाश गाड़ी लेकर भाग गए जबकि तीसरा बाइक से फरार हाे गया। लूटी गाडी काे वे तेज गति से पुराने दिल्ली राेड की तरफ ले गए। तपेंद्र ने घटना की जानकारी गाड़ी मालिक संजय कुमार काे दी। वह किसी तरह बख्तल की चाैकी की ओर गया।
दिवाकरी के पास हुंडई शाेरूम के सामने तेज गति से दाैड़ रही गाड़ी डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। कार में सवार दोनों बदमाश घायल हाे गए। इन्हें लाेगाें ने एंबुलेंस के जरिए राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय भिजवा दिया।
इधर लूटी गाडी का पीछा करते हुए तपेंद्र भी माैके पर पहुंच गया। वहां पता लगा कि दाेनाें घायल अस्पताल में है। इसके बाद गाड़ी मालिक संजय कुमार व ड्राइवर तपेंद्र अस्पताल पहुंचे ताे दाेनाें ट्राेमा वार्ड में मिल गए। घटना की सूचना के बाद एनईबी थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई।
पुलिस ने बदमाश नितेश स्वामी व प्रिंस शर्मा को हिरासत में लिया गया है। दाेनाें बदमाशों से पुलिस पूछताछ कर रही है। घटना में शामिल तीसरे बदमाश की पुलिस तलाश कर रही है। घटना की रिपाेर्ट तपेंद्र सिंह ने एनईबी थाने में दर्ज कराई है।
Naresh Chouhan 

