डेयरी संचालक के बेटे ने साथियों के साथ मिलकर की थी 10 लाख रु. की लूट

डेयरी संचालक के बेटे ने साथियों के साथ मिलकर की थी 10 लाख रु. की लूट

शहर के प्रताप नगर इलाके में 11 जनवरी को डेयरी कलेक्शन एजेंट राजेश सैनी से हुई लाखों रुपए की लूट का खुलासा पुलिस ने शनिवार को कर दिया। वारदात में शामिल गिरोह के 6 बदमाशों को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो बदमाश अब भी फरार हैं। मामले में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में 5.14 लाख रुपए और वारदात में इस्तमाल की गई कार भी बरामद कर ली है।

जयपुर डीसीपी (पूर्व) अभिजीत सिंह ने बताया कि लूट की यह वारदात प्रताप नगर सेक्टर 10 में डेयरी बूथ संचालक खेमचंद के बेटे भरत टेकवानी ने अपने दोस्त गोलू और उसके परिचित साथियों की मदद से करीब तीन-चार दिन पहले रची थी। पूछताछ में सामने आया कि लॉकडाउन लगने से सभी बदमाशों के पास कोई काम नहीं था। मौज मस्ती और महंगे शौक की वजह से सभी आर्थिक तंगी से परेशान थे।

जयपुर के प्रताप नगर में डेयरी कलेक्शन एजेंट को लूटने वाली गैंग पुलिस की गिरफ्त
जयपुर के प्रताप नगर में डेयरी कलेक्शन एजेंट को लूटने वाली गैंग पुलिस की गिरफ्त

रैकी के बाद अपने दोस्तों को की मुखबिरी
अभिजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित राजेश कुमार सैनी आरोपी भरत टेकवानी की डेयरी पर कलेक्शन का काम करता था। भरत ने ही अपने दोस्तों को बताया कि राजेश के पास कलेक्शन के लाखों रुपए होते हैं। उसे लूटने पर काफी पैसा मिल सकता है। इनमें लूटी गई रकम में उसका हिस्सा और उसके बूथ से कलेक्ट की गई रकम उसे लौटाना पड़ेगा। ऐसे में 11 जनवरी को राजेश सैनी जब भरत टेकवानी के डेयरी बूथ से रुपए कलेक्ट कर बाइक से रवाना हुआ।

तब भरत ने अपने दोस्त रजत सिंहल उर्फ गोलू व अन्य परिचितों को सूचना दी। इसके बाद कमल टिंकर और समीर खान बाइक पर और गोलू, साहिल, गणेश व प्रवीण एक कार में सवार हो गए। इन सभी ने सेक्टर 10, सामुदायिक केंद्र के पास प्रताप नगर में कार से राजेश सैनी की बाइक को टक्कर मारी। उसके गिरने पर लाखों रुपए से भरा बैग लूटकर भाग निकले।

बाइक को टक्कर मारने पर क्षतिग्रस्त कार को मोटर गैराज में छोड़ा, तभी मिला सुराग

लूट की वारदात में पीड़ित राजेश सैनी की बाइक को टक्कर मारने से क्षतिग्रस्त हुई कार को ठीक करवाने के लिए गैंग ने अपने परिचित लोकेश मिश्रा की मदद से गोनेर रोड पर एक मोटर गैराज पर भिजवाया। इस बीच प्रोबेशनर आरपीएस रुद्रप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम के कांस्टेबल केदारमल को सूचना मिली कि एक कार मोटर गैराज में खड़ी है।

पुलिस वहां पहुंची। तब कार के रजिस्ट्रेशन नंबरों से कार गैंग में शामिल गणेश उर्फ नितिन की होना सामने आया। तब पुलिस को सुराग मिला। इसके बाद गैंग के सदस्यों को नामजद किया गया। सायबर सेल के प्रभारी हैडकांस्टेबल प्रधुमन शर्मा की मदद से गैंग को ट्रेस किया। तब प्रताप नगर में ही गैंग पुलिस की गिरफ्त में आ गई।

डेयरी कलेक्शन एजेंट से हुई लूट की वारदात में ये है छह गिरफ्तार आरोपी

एडीशनल डीसीपी (पूर्व) प्रोबेशनर आईपीएस राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रजत सिंघल उर्फ गोलू (23) निवासी सूरवाल सवाईमाधोपुर हाल सेक्टर 16, प्रताप नगर जयपुर है। दूसरा प्रवीण उर्फ चूहा रैगर (19) निवासी सेक्टर 8, प्रताप नगर जयपुर, तीसरा ललित मिश्रा (24) निवासी शाहजहांपुर यूपी हाल गोनेर मोड़ शिवदासपुरा, चौथा कमल टिंकर (36), भरत टेकवानी (21) और समीर खान (40) निवासी सेक्टर 8 प्रताप नगर जयपुर है।