अलवर पहुंचे PCC चीफ गोविंद डोटासरा, कहा- BJP का मिस्ड कॉल अभियान महज डाटा कलेक्शन का काम

अलवर पहुंचे PCC चीफ गोविंद डोटासरा, कहा- BJP का मिस्ड कॉल अभियान महज डाटा कलेक्शन का काम

कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस एक बूथ पर 100 मेंबर बनाएगी। मेंबर बनाने का तरीका साफ होगा। अधिकृत व्यक्ति ही मेंबर बनेगा। जिसे वोटर आईडी,फोटो सहित जानकारी के आधार पर डिजिटल सदस्य बनाया जाएगा। एक मेंबर शुल्क 5 रुपए रखा है। आप देखना एक बूथ पर कांग्रेस के 100 सदस्य बनने के बाद देश में क्रांति आएगी। करीब 52 लाख सदस्य बनाएंगे। भाजपा ने पहले मिस्ड कॉल देकर जो सदस्यता अभियान चलाया वह तो एक डाटा कलेक्शन जैसा रहा। डाटा लेकर उनका गलत इस्तेमाल करने का काम भाजपा करती रही है।

आज सदस्यता अभियान को लेकर बैठक
डोटासरा बुधवार देर शाम अलवर पहुंच गए थे। गुरुवार को प्रताप ऑडिटोरियम में पार्टी के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। जिसमें डिजिटल मेंबर बनाने के लिए तैयार की गई विधानसभावार टीमें भी भाग लेंगी। मीटिंग में केवल वही कार्यकर्ता आएंगे जो डिजिटल मेंबर बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले हैं। इसके अलावा दूसरे कार्यकर्ताओं को अंदर जाने से रोका भी जा सकता है।

डोटासरा ने कहा कि आगे कांग्रेस दिखेगी
डोटासरा ने यह भी कहा कि भाजपा ने कई राज्यों में खरीद-फरोख्त करके सरकार बनाई है। अब यूपी के चुनाव परिणाम आने पर भाजपा की असलियत भी सामने आ जाएगी। राजस्थान में कांग्रेस की सरकार फिर से बनेगी। भाजपा के दावे फेल हो चुके हैं। पंजाब व दिल्ली में मात खात चुके हैं। एमपी में लोकतंत्र की हत्या की। वही कर्नाटक में हुआ। गोवा व मणिपुर में भी ऐसा हुआ। इन सब राज्यों पर गौर करेंगे तो भाजपा कहां है। झूठ बोलकर केंद्र में सत्ता में आ गए। जब केंद्र में कोई सत्ता में आता है तो कुछ लोकल दल उनका साथ दे देते हैं। लेकिन आगे आने वाले राज्यों में परिणाम देखना। कांग्रेस के पक्ष में आएंगे। राजस्थान में 2023 में पुन: सत्ता आएंगे और 2024 में केंद्र में भी कांग्रेस सरकार आएगी।

जिलाध्यक्ष ने कहा डिजिटल सदस्यता पर चर्चा
अलवर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष योगेश मिश्रा ने बताया कि कांग्रेस के डिजिटल सदस्यता अभियान को आगे बढ़ाने के लिए पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा व डिजिटल सदस्यता अभियान के राजस्थान के प्रभारी संजय निरुपम पार्टी के कार्यकर्ताओं को जानकारी देंगे। इस मीटिंग में पार्टी के जनप्रतिनिधि व विधानसभा वार डिजिटल सदस्यता को आगे बढ़ाने के लिए जिम्मेदारी दी है, वहीं शामिल होंगे। उनको पूरे प्रोग्राम की जानकारी दी जाएगी। खास बात यह है कि कार्यक्रम में पास से एंट्री मिलेगी। पार्टी के कार्यकर्ताओं की टीम प्रताप ऑडिटोरियम के मुख्य गेट पर ही पास जारी करेगी।