ट्रक व रोडवेज बस भिड़े, 12 यात्री घायल
अलवर-बहरोड़ स्टेट हाईवे पर कल्याणपुरा गांव के पास शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे रोडवेज बस एवं ट्रक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। जिससे बस में सवार करीब एक दर्जन सवारियां चोटिल हो गई। जबकि बस चालक बृजपाल सिंह चौहान केबिन में फंस गया। जिसे राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर निजी अस्पताल पहुंचाया। वहीं, ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
थानाधिकारी विनोद सांखला ने बताया कि मत्स्य नगर डिपो की रोडवेज बस करीब 50 सवारियाें को लेकर 12:40 बजे बहरोड़ से अलवर के लिए रवाना हुई। करीब तीन किमी दूर चलने के बाद अलवर रोड पर गांव कल्याणपुरा के पास राधा-कृष्ण मंदिर के समीप अलवर की तरफ से आ रहे ट्रक ने दूसरे वाहन से ओवर टेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रक और रोडवेज बस की आने-सामने की भिड़ंत हो गई।


