हक लैण आए हन किसान: 1000 ट्रैक्टरों पर आए किसान, बोले-यह तो रिहर्सल, 26 को दिल्ली में करेंगे परेड
- किसान आंदोलन में तीनों कृषि कानूनों को रद्द करवाने के लिए किसानों ने जिला मुख्यालय पर निकाली ट्रैक्टर परेड
किसान आंदाेलन के समर्थन में सोमवार को जिला मुख्यालय पर नई धानमंडी से ट्रैक्टर रैली निकाली गई। 1000 से भी ज्यादा ट्रैक्टरों से आए किसानों ने कहा कि ये तो रिहर्सल है। असली परेड तो 26 जनवरी को दिल्ली में निकालेंगे। शहर के मुख्य मार्गाें से हाेते हुए रैली गंगासिंह चाैक पहुंची, जहां किसानाें ने सभा की। सभा के बाद कलेक्ट्रेट में प्रवेश काे लेकर किसानाें व पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई।

रैली में किसान बाेले कि कलेक्टर कलेक्ट्रेट से बाहर आकर ज्ञापन लें या फिर हम बेरिकेड्स ताेड़कर अंदर जाएंगे। इससे पूर्व किसानाें ने नई धानमंंडी में सुखमणी साहिब का पाठ कर आंदाेलन में दिवंगत किसानाें काे श्रद्धांजलि दी। किसानों ने चेतावनी दी कि तीनों कृषि कानून रद्द नहीं किए तो दिल्ली में 26 जनवरी को गणतंत्र परेड निकालेंगे।
लाइव कलेक्ट्रेट में जाने को लेकर पुलिस से तनातनी, आखिर कलेक्टर ने बाहर आ किसानों से लिया ज्ञापन
सभा के बाद किसान कलेक्टर काे ज्ञापन देने के लिए ट्रेजरी के सामने वाले गेट पर पहुंचे ताे यहां पुलिस के अधिकारियाें ने प्रतिनिधि मंडल के रूप में चार पांच किसानाें काे ही कलेक्ट्रेट में प्रवेश देने की बात कही। इस पर किसान भी अड़ गए, राेके हुए ट्रैक्टर वापस मंगलवार कलेक्ट्रेट गेट के बेरिकेड्स से अड़ा दिए व रेस बढ़ा दी। प्रशासन काे चेतावनी दी कि 10 मिनट में या ताे कलेक्टर बाहर आकर ज्ञापन या फिर किसान बेरिकेड्स ताेड़कर कलेक्ट्रेट में प्रवेश करेंगे।
किसानाें की चेतावनी के बाद एएसपी सहीराम बिश्नाेई व एडीएम अरविंद जाखड़ ने किसानाें से समझाइश कर कलेक्टर से बात की। इसके बाद कलेक्टर सभागार से बाहर आए तथा किसानाें ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन साैंपा। ज्ञापन में कृषि कानून वापस लेने की मांग की गई है। रैली में पूर्व विधायक हेतराम बेनीवाल, पूर्व सभापति जगदीश जांदू, मनिंदरसिंह मान, गुरलाल बराड़, अमरसिंह बिश्नाेई, श्याेपत मेघवाल, बाॅबी बराड़, गलेक्सी बराड़, भूपेंद्र काैर टूरना, गुरबलपाल सिंह, विधायक पुत्र विकास गाैड़ व ट्रेडर्स एसाेसिएशन अध्यक्ष धर्मवीर डूडेजा, सुभाष सहगल, सलीम अली चोपदार सहित बड़ी संख्या मे किसान शामिल थे।


