2 घंटे तक पटाखों के धमाके से सहमे रहे लोग

2 घंटे तक पटाखों के धमाके से सहमे रहे लोग

केसरगंज गाेलचक्कर इलाके में शुक्रवार सुबह करीब पाैने छह बजे पटाखाें के थाेक व फुटकर विक्रेता गाेवर्धनलाल की दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। दुकान में करीब दाे घंटे तक पटाखे के धमाके होते रहे। दुकान में ताला लगा हुआ था, इस कारण पटाखे भीतर ही फूटते रहे। क्लाकटावर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड दल ने मशक्कत के बाद शटर खाेला। शटर खाेलते ही जलते हुए पटाखे उछलकर बाहर आने लगे।

इससे आसपास की तीन दुकानाें के टेंट और पर्दे जल गए। करीब दाे घंटे तक दुकान में पटाखे फूटते रहे। हादसे में काेई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन पटाखे की दुकान का माल और फर्नीचर पूरी तरह जल गया। माना जा रहा है कि करीब पांच लाख रुपए का नुकसान हुआ है, लेकिन दुकान मालिक ने पुलिस काे दी रिपाेर्ट में सिर्फ डेढ़ लाख के पटाखे और 50 हजार रुपए का अन्य नुकसान बताया है। दुकान में इतनी ज्यादा मात्रा में पटाखे थे कि करीब दाे घंटे तक फूटते रहे।

छह दमकलाें काे आग बुझाने में लगाया
क्लॉक टावर थाना प्रभारी दिनेश कुमावत ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 5:45 बजे फोन पर सूचना मिली थी कि केसरगंज गोलचक्कर पर प्याऊ के निकट गोवर्धन लाल पटाखे वाले की दुकान में भीषण आग लगी है। पुलिस दल माैके पर पहुंचा और फायर ब्रिगेड कार्यालय पर फोन कर दमकल गाड़ियों को बुलवा लिया। फायर ब्रिगेड अधिकारी ने बताया कि छह दमकल गाड़ियाें से पानी का छिड़काव कर आग बुझाई गई।

दुकान का शटर खोलते ही पटाखे उछलकर सड़क पर फटने लगे।
दुकान का शटर खोलते ही पटाखे उछलकर सड़क पर फटने लगे।

सुबह सुनसान था बाजार, अन्यथा हाे सकती थी जनहानि

केसरगंज गाेलचक्कर इलाका सुबह करीब पाैने छह बजे सुनसान था, काफी कम संख्या में लाेगाें का आवागमन था। यही कारण रहा कि हादसे में काेई हताहत नहीं हुआ। दुकान के शटर पर ताला लगा हुआ था, इस कारण पटाखाें की आग बाहर नहीं फैल पाई। पुलिस और फायर ब्रिगेड दल काे ताला तोड़ने में मशक्कत करनी पड़ी। शटर खाेले जाने के बाद ही आग पर काबू पाया जा सका।
पास की 3 दुकानें भी आई चपेट में
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोवर्धन लाल की दुकान के पास में 3 दुकानें आग की चपेट में आई हैं, इनमें एक कपड़े की दुकान है। हालांकि यह दुकानें भी बंद थी, इसलिए ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। इन दुकानाें के बाहर लगे टेंट और पर्दे जले हैं।

दीपावली व शादियों के सीजन के कारण भरा हुआ था स्टॉक

दुकानदार ने बताया कि दीपावली और शादी का सीजन निकट होने के कारण दुकान में पटाखों का स्टॉक भरा हुआ था। पूरा माल जलकर नष्ट हो गया। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। थाना प्रभारी दिनेश कुमावत ने बताया कि दुकानदार ने प्रारंभिक ताैर पर फिलहाल करीब दाे लाख का नुकसान बताया है।