उदयपुर में दिखने लगा गर्मी का असर, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस
लेक सिटी उदयपुर में मौसम परिवर्तन का दौर लगातार जारी है। मंगलवार को उदयपुर में तेज धूप और खुले आसमान ने तापमान में इजाफा ला दिया। उदयपुर में मंगलवार को न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखने को मिली। जिसके बाद उदयपुर का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री। वहीं अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में उदयपुर के तापमान में और अधिक इजाफा होने की संभावना है।
भारतीय मौसम केंद्र के वैज्ञानिकों ने बताया कि फरवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके कारण पहाड़ी इलाकों से आने वाली सर्द हवाओं की रफ्तार कम पड़ेगी। जिससे सर्दी के असर में भी कमी देखने को मिलेगी। और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर जाएगा।
मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि शीतलहर की रफ्तार कम होने से उदयपुर समेत प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी तापमान में इजाफा होने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान के साथ अधिकतम तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से उदयपुर में सर्द हवाओं ने शहरवासियों को परेशान कर दिया था। शीतलहर के बाद उदयपुर का न्यूनतम तापमान जहां 3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। वहीं अधिकतम तापमान में भी कमी देखने को मिली थी। ऐसे में अब मौसम विभाग के अनुसार एक बार फिर उदयपुर में गर्मी अपना असर दिखाएगी।


