पिंक लहंगे और गोल्डन शेरवानी में खूबसूरत लगे कियारा-सिड:करण जौहर ने कहा- दोनों का प्रेम जादुई, उन्हें देखना सुखद कहानी जैसा
जैसलमेर में डेस्टिनेशन वेडिंग करने आए कियारा और सिद्धार्थ मल्होत्रा आज अपने परिवार और दोस्तों के साथ वापस लौट जाएंगे। मेहमान 3 अलग-अलग टाइम सूर्यगढ़ होटल से निकलेंगे। वापस जाने के लिए एक चार्टर और दो प्लेन बुक हैं। चार्टर से कियारा और सिड करण जौहर के साथ सुबह 9 बजे मुंबई जाएंगे।
दोनों के मंगलवार शाम को फेरे हुए थे, जिसकी फोटो कियारा ने रात को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की थी। कियारा ने लाइट पिंक कलर का लहंगा और सिद्धार्थ ने गोल्डन कलर की शेरवानी पहनी थी। जिस पर एंब्रॉयडरी थी। दोनों शादी के जोड़े में खूबसूरत लग रहे थे।
मनीष मल्होत्रा ने डिजाइन किया लहंगा और शेरवानी
शादी के लिए वर्ल्ड फेमस फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने कियारा आडवाणी का लहंगा और सिद्धार्थ मल्होत्रा की शेरवानी डिजाइन की है। ऑफ व्हाइट शेरवानी व लहंगे में यह जोड़ी बहुत ही खूबसूरत लग रही थी।
शादी के हर फंक्शन मेंहदी, हल्दी, संगीत के लिए अलग डिजाइन में ड्रेस तैयार की गई। हर फंक्शन के लिए साफा बदला, पिंक, गोल्डन अलग-अलग तरह के साफे में सिद्धार्थ ने अलग-अलग पोज़ दिए।
उनकी टीम से डिजाइनर ड्रेस का फोटो शूट करने वाले रिजवान शेख, अली रिजवी, ज्वैलरी को तैयार करने वाले कमलेश गुप्ता, राज रांकावत, मनीष मल्होत्रा के एसिस्टेंट जेसन डिसूजा, नितीन गरबयान, रवींद्र डेविड गौतम, हर्षवर्धन मिश्रा, चांदनी, निहारिका अग्रवाल ने हेल्प की।
कियारा-सिद्धार्थ ने मुंबई में सीफेस फ्लैट लिया
कियारा और सिद्धार्थ आज चार्टर से करण जौहर के साथ मुंबई जाएंगे। उसके बाद दोपहर 12 बजे दिल्ली की फ्लाइट से सिद्धार्थ के परिवार वाले और शाम चार बजे मुंबई की फ्लाइट से कियारा के घरवाले निकलेंगे। अपने जीवन की नई शुरुआत करने के लिए इस कपल ने मुंबई में एक सीफेस फ्लैट भी लिया है।
सोशल मीडिया पर दी बधाई
मनीष मल्होत्रा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर दोनों की शादी की फोटो शेयर कर लिखा है- लव एंड ब्लैसिंग मिसेज एंड मिस्टर मल्होत्रा। साथ में हार्ट ईमोजी भी है।
करण जौहर ने भी एक इमोशनल पोस्ट किया है। लिखा है-
मैं दोनों से सालों पहले मिला था। एक शांत, मजबूत और फिर भी बहुत संवेदनशील…। दूसरा खामोश, मजबूत और समान रूप से संवेदनशील..। फिर वे एक-दूसरे से मिले और मुझे उस पल में एहसास हुआ कि दोनों एक मजबूत बंधन बना सकते हैं।
दोनों का प्रेम जादुई, उन्हें देखना सुखद कहानी जैसा है। जिसकी जड़ें परंपरा और परिवार में हैं। जैसा ही उन्होंने प्यार के मंडप में एक दूसरे के साथ जीने की कसमें खाईं। सभी ने उस प्यार को महसूस किया। ऊर्जा महसूस की। मुझे गर्व हुआ। फिर दोनों का प्यार फूट पड़ा! आई लव यू सिड... आई लव यू की…।
शादी की बात छुपाकर कर रखी
कियारा और सिद्धार्थ ने अपनी शादी की खबर एंड टाइम तक छुपाकर रखी थी। दोनों के परिवार के मिलने और बढ़ती नजदीकियों के बाद से शादी के कयास लगाए जा रहे थे।
आखिरकार अपने 3 साल के रिलेशनशिप पर शादी की मुहर लगा दी। दोनों ने डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए जैसलमेर के सूर्यगढ़ होटल को चुना।
4 फरवरी को दोनों परिवार के साथ सूर्यगढ़ पहुंच गए थे। इसके बाद शादी की रस्में शुरू हो गई थीं। सभी फंक्शन के लिए एक थीम रखी गई थी। जिस पर डेकोरेशन और ड्रेस कोड था।
हर फंक्शन थीम के मुताबिक
हल्दी के लिए येलो थीम, वेलकम पार्टी के लिए ब्लैक और म्यूजिक पार्टी के व्हाइट थीम थी। थीम के अर्कोर्डिंग ही गेस्ट ड्रेस अप हुए थे।
शादी में पिंक-व्हाइट थीम थी। डेकोरेशन के लिए फूल विदेश से मंगाए गए थे। शादी के दिन व्हाइट थीम थी, मंडप को सफेद फूलों से सजाया गया था।
वरमाला भी सफेद गुलाब की थी। फेरों के दौरान करण जौहर, शाहिद कपूर, मीरा राजपूत और जूही चावला मौजूद थी। शाहिद कपूर फेरों के बाद मुंबई के लिए रवाना हो गए।
सुबह हल्दी की रस्म हुई थी
इससे पहले मंगलवार दिन में हल्दी की रस्म अदा की गई। सिद्धार्थ के यहां से हल्दी कियारा को भेजी गई। कियारा के घर वालों ने हल्दी को कियारा और सिद्धार्थ को लगाई।
सूर्यगढ़ पैलेस की दोनों हवेली के बीच में यह रस्म अदा की गई। इस दौरान परिवार के हर सदस्य ने कियारा और सिद्धार्थ को हल्दी लगाई। सिद्धार्थ की नानी ने शगुन के गीत गाए। फेरों से पहले कियारा की चूड़ा रस्म उसके भाई ने निभाई।
पंजाबी ढोल के साथ निकली बारात
हल्दी के बाद करीब 4 बजे सिद्धार्थ ने शेरवानी पहनकर सेहरा बांधा और अपनी दुल्हन को लेने बारात के साथ निकले। बारात में दिल्ली के बैंड के साथ पंजाबी ढोल पर बारात निकली।
जैसे ही बारात रवाना हुई सूर्यगढ़ ढोल की थाप से गूंज उठा। साथ ही डीजे की धुन के होटल के पांच सौ मीटर तक आवाज गूंज रही थी। सोना...सोना, नच दे रे सारे....., मैनु काला चश्मा...... जैसे बॉलीवुड धुन पर सफेद घोड़ी 'राजन' पर बैठ कर कियारा के पास बारात पहुंची।
इधर कियारा की फैमिली ने बारात का स्वागत किया। स्वागत के बाद दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और फिर सात फेरे लिए। करीब 6 बजे शुरू हुए फेरे रात 8 बजे खतम हुए। विशाल पंजाबी ने शादी शूट की।
फेरों में बैठे परिवार के लोग
कियारा और सिद्धार्थ के परिवार के लोग बावड़ी के स्टेप्स पर बैठे थे। एक ओर कियारा की फैमिली में जगदीप आडवाणी (पिता), गेनेविव आडवाणी (मां), मिशाल आडवाणी (भाई), ईशान आडवाणी (भाई), सुमिता आडवाणी (चाची), हरीश आडवाणी (चाचा), वैलेरी आडवाणी (नानी), शाहीन अग्रवाल (मौसी) बैठे थे।
दूसरी ओर सिद्धार्थ की फैमिली से सुनील मल्होत्रा (पिता ), रिमा मल्होत्रा (मां), हर्षद मल्होत्रा (भाई), पूर्णिमा मल्होत्रा, जयदीप भल्ला (मामा), एरासेली (मामी), हरचरन भल्ला (नानी), अवानी (भतीजी), अम्बिका होरा (बुआ), अशोक होरा (फूफा), रोहन मल्होत्रा (कजिन), मोमिना नूर, इशीता भारद्वाज, वैभव भारद्वाज, बुआ का लड़का अर्जुन होरा, अर्जुन की पत्नी जोया होरा, भतीजा अधिराज मल्होत्रा शादी बैठे थे। इनके साथ करण जौहर, मनीष मल्होत्रा, शाहीद मीरा और जूही चावला भी बैठी थी।
Naresh Chouhan 

