16 वर्षीय किशाेरी को चाकू दिखाकर 7-8 माह से कर रहा था दुष्कर्म

16 वर्षीय किशाेरी को चाकू दिखाकर 7-8 माह से कर रहा था दुष्कर्म

जिले में पिछले 8 दिनों में दुष्कर्म का तीसरा मामला सामने आया है, इनमें दो मामले भाद्राजून पुलिस थाना क्षेत्र के ही हैं। शुक्रवार को भाद्राजून पुलिस थाना क्षेत्र के एक गांव की 16 वर्षीया पीड़िता के पिता ने पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है। पीड़िता के पिता ने पुलिस काे रिपोर्ट देकर बताया कि उसकी नाबालिग बेटी से घाणा निवासी जगदीश कुमार (20) पुत्र विरमाराम मेघवाल पिछले 7 से 8 माह से चाकू दिखा डरा धमकाकर दुष्कर्म कर रहा है।

पीड़िता ने उसके साथ हाे रही ज्यादती की सारी घटना पिता को बताने के बाद शुक्रवार को उसने भाद्राजून पुलिस थाने में पहुंचकर मामला दर्ज करवाया। इसके बाद एसपी श्यामसिंह के निर्देशानुसार डीएसपी जयदेव सियाग के निर्देशन में थानाधिकारी गीता कुमारी के नेतृत्व में टीम का गठन कर इस मामले में पुलिस ने आराेपी घाणा निवासी जगदीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

मानसिक रूप से कमजोर है किशाेरी, आराेपी ने स्वीकारा कई बार दुष्कर्म किया
पीड़िता के पिता ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपी जगदीश कुमार पिछले 7 से 8 माह से डरा धमकाकर उसकी पुत्री के साथ दुष्कर्म कर रहा है, जबकि उसकी पुत्री मानसिक रूप से कमजोर है। रिपाेर्ट में यह भी बताया गया है कि तीन माह पहले भी उसने घटना की जानकारी पिता को दी थी, लेकिन समाज में लाेक लाज के चलते मामला दर्ज नहीं कराया।

शुक्रवार शाम पीड़िता के पिता ने भाद्राजून जाकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाया। इधर, पुलिस ने आरोपी काे दस्तयाब कर पूछताछ की तो उसने किशाेरी को डरा-धमकाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध कई बार दुष्कर्म करना स्वीकार किया।