शादी के 15 दिन बाद पहली बार बनाया था खाना, खाकर बेहोश हुए ससुरालवाले; 60 हजार रुपए और गहने लेकर फरार

Sep 23, 2021 - 10:33
शादी के 15 दिन बाद पहली बार बनाया था खाना, खाकर बेहोश हुए ससुरालवाले; 60 हजार रुपए और गहने लेकर फरार
लुटेरी दुल्हन सीमा।

झुंझुनू में एक लुटेरी दुल्हन शादी के 15 दिन बाद ही नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गई। परिवार ने जब शादी करवाने वाले बिचौलिए से संपर्क किया तो उसका भी फोन बंद मिला। आखिर रविवार को पीड़ित परिवार ने खेतड़ी नगर थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस शादी करने वाले बिचौलियों और लुटेरी दुल्हन की तलाश के लिए पुलिस की टीम बुधवार को पंजाब रवाना हुई है।

पुलिस के अनुसार बेचावाली की ढाणी निवासी हेमराज को एक परिचित सतीश मेघवाल ने शादी के लिए अपनी परिचित लड़की के बारे में बताया था। 27 अगस्त को बिचौलिया सतीश मेघवाल, उसकी मां और एक महिला सीमा देवी के बीच बातचीत हुई। 1 सितंबर को पीड़ित लड़की देखने पंजाब गया। पंजाब के भोजपुर में उनकी मुलाकात दीप कौर से हुई और दोनों ने 2 सितंबर को कोर्ट मैरिज कर ली। परिवार दुल्हन को लेकर घर आ गया। कुछ दिन तक सब कुछ सही चलता रहा।

16 सितंबर की देर रात दुल्हन दीप कौर ने ससुराल में पहली बार खाना बनाया था। महिला ने घर के लोगों को खाने में नशीली गोलियां देकर बेहोश कर दिया। फिर नकदी और जेवरात लेकर भाग गई। पीड़ित परिवार ने बताया कि 60 हजार रुपए नकद और जेवरात समेत कीमती सामान लेकर वह फरार हुई है। इसके बाद 17 सितंबर को मामला दर्ज करवाया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी रही।

2 सितंबर को शादी करने के बाद दोनों मंदिर पहुंचे थे।
2 सितंबर को शादी करने के बाद दोनों मंदिर पहुंचे थे।

तीन लाख रुपए दिए थे शादी के लिए
पीड़ित परिवार का आरोप है कि शादी के खर्च के नाम पर बिचौलिए ने उनसे तीन लाख रुपए लिए थे। परिवार इस घटना के बाद से ही सदमे में है। प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहा है। पीड़ित परिवार ने बताया बड़ी परेशानियों से पैसा जमा किया था। खेती कर कमाई जिंदगी भर की सेविंग शादी के लिए बिचौलिए को दे दी थी।

पूरे रीति रिवाज के साथ हुआ था दुल्हन का गृह प्रवेश।
पूरे रीति रिवाज के साथ हुआ था दुल्हन का गृह प्रवेश।

लुटेरी दुल्हन के गिरोह से हो सकते है संबंध- पुलिस
पुलिस ने रिपोर्ट मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें तलाश के लिए अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही है। पुलिस बिचौलियों की तलाश में जुटी है, ताकि उसकी निशानदेही पर लुटेरी दुल्हन तक पहुंचा जा सके। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि फरार बिचौलिया और लुटेरी दुल्हन का किसी गिरोह से कनेक्शन तो नहीं, जो इस तरह की वारदातों में लिप्त हैं।