लोहार्गल की घटना:लोहार्गल की पहाड़ी में आदमी को जलाया, लोग वीडियो बनाते रहे

Apr 11, 2021 - 02:30
Apr 11, 2021 - 02:38
लोहार्गल की घटना:लोहार्गल की पहाड़ी में आदमी को जलाया, लोग वीडियो बनाते रहे

तीर्थ स्थल लोहार्गल की पहाड़ियों में शनिवार रात एक आदमी को जिंदा जला दिया गया। जलते हुए का वीडियो वायरल होने के बाद रात करीब सवा दस बजे घटना सामने आई। शव पूरी तरह से जल चुका, ऐसे में शिनाख्त नहीं हो पाई। इसे जलाने वालों का भी कोई सुराग नहीं लगा है। जानकारी के अनुसार लोहार्गल में पहाड़ियों पर बनखंडी बरखंडी के रास्ते पर शनिवार की रात करीब 10 बजे एक आदमी को किसी ने जला दिया। पहाड़ियों में आग की लपटें उठती देखकर लोहार्गल के कुछ युवक मौके पर पहुंचे तो वहां शव जलता देखा।

युवकों ने इसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही ये दिल दहला देने वाली घटना सबके सामने आ गई। युवकों ने पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस ने आग को बुझाया, लेकिन तब तक शव पूरी तरह से जल चुका था। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। बहरहाल पुलिस घटना को अंजाम देने वालों की तफ्तीश कर रही है।

आग बुझाने के बजाय वीडियो बनाते रहे

पहाड़ी में आग की लपटें उठती देखकर मौके पर पहुंचे गांव के युवा आग बुझाने के बजाय जलते हुए व्यक्ति का वीडियो बनाते रहे। प्रत्यक्षदर्शी यह भी तय नहीं कर पाए जलने वाला आदमी था या महिला। तमाशबीन लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। देर रात तक पता नहीं चल सका कि मृतक कौन है और उसको जलाने वाले कौन हैं।