महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा से मनाया जाएगा:त्रियोदशी युक्त चतुर्दशी में आज मनेगी महाशिवरात्रि, 700 वर्ष बाद महासंयोग

Feb 18, 2023 - 07:48
महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा से मनाया जाएगा:त्रियोदशी युक्त चतुर्दशी में आज मनेगी महाशिवरात्रि, 700 वर्ष बाद महासंयोग
mahashivaratri-will-be-celebrated-today-in-triyodashi-yukt-chaturdashi-a-great-coincidence-after-700-years

इस बार त्रियाेदशी युक्त चतुर्दशी में 18 फरवरी काे महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा से मनाया जाएगा। करीब 700 साल बाद महा शिवरात्रि पर पंच महासंयाेग बन रहा है। भगवान शिव की विधि विधान से पूजा अर्चना की जाएगी और श्रद्धालु उपवास करेंगे। शिवालयाें में धार्मिक अनुष्ठान हाेंगे। बाबा केदारनाथ धाम सेवा समिति की ओर से कंपनी बाग में 21 फीट ऊंचा हिम शिवलिंग (प्रतीकात्मक) बनाया जाएगा और शाम काे महाआरती हाेगी।

पं. यज्ञदत्त शर्मा ने बताया कि 17 फरवरी काे रात 11.38 से 18 फरवरी काे रात 8.03 बजे तक त्रयाेदशी तिथि है। 18 फरवरी काे रात 8.04 से 19 फरवरी की शाम 4.19 बजे तक चतुर्दशी है। इस बार शिवरात्रि के दिन शनि प्रदाेष व्रत भी रहेगा। 700 साल बाद शिवरात्रि पर केसर याेग, शंख याेग, शश याेग, वरिष्ठ याेग व सर्वार्थ सिद्धि नामक पंच महासंयाेग बन रहा है। शास्त्रानुसार शिवरात्रि के दिन भगवान शिव और पार्वती का विवाह हुआ था।

भगवान शिव का पंचामृत से अभिषेक कर बिल्वपत्र, धतूरा, आकड़े के फूल, बेर, गाजर, सींगरी, बेल फल व भांग आदि चढ़ाई जाएगी। इस दिन महामृत्युंजय मंत्र का जाप, पंचाक्षर ऊॅ नम: शिवाय, शिव चालीसा व शिव महिमा स्त्राेत का पाठ करना चाहिए। मान्यता है कि महामत्युंजय मंत्र के जाप से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं। जिनके यहां बेटे का विवाह या पुत्र जन्म हुआ है, उस परिवार की ओर से शिवरात्रि पर शिवालयाें में बैंड-बाजे के साथ जेगड़ चढ़ाई जाती है।

बाबा केदारनाथ धाम सेवा समिति की ओर से दाे दिवसीय महाशिवरात्रि महाेत्सव शनिवार से मनाया जाएगा। देवेंद्र छाबड़ा ने बताया कि शनिवार शाम 7 बजे कंपनीबाग में 21 फीट ऊंचा प्रतीकात्मक हिम शिवलिंग बनाया जाएगा। 251 दंपत्तियाें द्वारा 5100 दीपकाें से संगीतमय महाआरती हाेगी। रविवार सुबह 10 बजे नंगली सर्किल पर रक्तदान शिविर का आयाेजन हाेगा।

त्रिपाेलेश्वर शिव शक्ति सेवा समिति की ओर से शनिवार सुबह 11 बजे त्रिपाेलिया महादेव मंदिर में जेगड़ पूजन हाेगा और रात 9 बजे भगवान शिव की वरमाला की झांकी सजाई जाएगी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से तिजारा फाटक स्थित केंद्र पर सुबह 7.45 बजे झंडाराेहण हाेगा और गीत गाया जाएगा।

आज 4 प्रहर पूजन का समय

  • प्रथम प्रहर-शाम 6.16 से रात 9.28 बजे तक।
  • द्वितीय प्रहर-रात 9.29 से 12.40 बजे तक।
  • तृतीय प्रहर-रात 12.41 से 3.52 बजे तक।
  • चतुर्थ प्रहर-रात 3.53 से 19 फरवरी की सुबह 7.04 बजे तक।
  • निशीथ काल-रात 12.15 से 1.06 बजे तक।