मानसरोवर सिटी पार्क में लगेगा एंट्री टिकट:राजस्थान हाउसिंग बोर्ड ने तैयार किया प्रस्ताव; 20 रुपए तक हो सकती है एंट्री फीस
जयपुर के मानसरोवर में बने सिटी पार्क में लोगों से एंट्री फीस वसूली जा सकती है। हाउसिंग बोर्ड ने इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया है। फीस लगाने का मुख्य उदेश्य पार्क में अनावश्यक भीड़ को कंट्रोल करने और यहां के ब्यूटिफिकेशन के वर्क को मेंटेन करना है। फीस के लिए जो प्रस्ताव तैयार किया है उसमें 20 रुपए शुल्क निर्धारित किया है।
हाउसिंग बोर्ड के कमिश्नर पवन अरोड़ा की मौजूदगी में आज सिटी पार्क के निर्माण कार्यो का रिव्यू करने के लिए एक बैठक बुलाई गई, जिसमें इस प्रस्ताव पर चर्चा भी हुई। सूत्रों के मुताबिक पार्क में सुबह-शाम वॉक करने आने वालों को फीस न देनी पड़े इसके लिए अलग से चर्चा की जाएगी, लेकिन सुबह 6 से 9 बजे तक फ्री रहेगा।
बताया जा रहा है कि इन दिनों हर रोज पार्क में 8 से 10 हजार लोग विजिट कर रहे है। इस कारण पार्क में पेड़-पौधे, वहां लगे सुंदर स्कल्पचर्स और अन्य देखने के लिए बनाई गई खूबसूरत चीजों को अवांछित लोग नुकसान पहुंचा रहे है। इसके अलावा पार्क के रखरखाव पर हर महीने होने वाले लाखों रुपए के खर्च को देखते हुए भी बोर्ड प्रशासन ने यहां आने वालों से शुल्क वसूलने का निर्णय किया है।
वीटी रोड और अरावली रोड को कनेक्ट करेगी सड़कें
इस बैठक में वीटी रोड से अरावली रोड को जोड़ने के लिए दो नई सड़के बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। अभी इन दोनों राेड के बीच हाउसिंग बोर्ड की बड़ी खाली जमीन है। इसमें कुछ हिस्से पर फाउंटेन स्क्वायर पार्क विकसित किया जा रहा है, जबकि शेष जमीन को नीलामी के लिए रिजर्व रखा गया है। मध्यम मार्ग की ओर से आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए फाउंटेन स्क्वायर के बाद 40 फीट की और मॉल के लिए ऑक्शन किए गए भूखंड के बाद 80 फीट की सड़क का निर्माण करवाएगा।
Naresh Chouhan 

