पहली खेप में 25 लाख के 50 कैमरे आए:हर चाैराहे पर आधुनिक कैमरे से रहेगी नजर, चूड़ी मार्केट व बाजार हाेगा कवर

पहली खेप में 25 लाख के 50 कैमरे आए:हर चाैराहे पर आधुनिक कैमरे से रहेगी नजर, चूड़ी मार्केट व बाजार हाेगा कवर

जल्दी ही शहर का हर चाैराहा आधुनिक किस्म के कैमरे पीटीजेड की नजर में रहेगा। यही नहीं शहर का व्यस्ततम इलाका चूड़ी बाजार सहित नगर परिषद, हाेप सर्कस, घंटाघर पर सहित आस-पास के क्षेत्र पर नजर रखी जा सकेगी। अलवर काे सरकार से 50 आधुनिक तकनीक के पीटीजेड कैमरे मिल गए हैं। हालांकि आईटी विभाग द्वारा इस क्षेत्र में फायबर बिछा दी गई है और कैमरों काे इंस्टाॅल करने का काम शुरू कर दिया गया है। अलवर में लगातार बढ़ रहे ग्राफ और अपराध पर नियंत्रण लगाने की दिशा में कैमरे कामगार साबित हाेंगे।

अलवर काे सरकार ने संभाग स्तर काे छाेड़ दें ताे सबसे ज्यादा कैमरे स्वीकृत किए हैं। अलवर काे कुल 80 कैमराें की स्वीकृति मिली है और इनमें से अब तक 50 कैमरे अा चुके हैं। इन कैमराें की कीमत करीब 25 लाख रुपए है। मतलब एक कैमरा 50 हजार रुपए का है। इन कैमराें के जरिए दिन व रात दाेनाें समय आसानी ने ट्रेकिंग की जा सकेगी। सभी कैमराें काे अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जाेड़ा जाएगा।

अभय कमांड में अब कुल पीटीजेड कैमराें की संख्या 64 हाे जाएगी क्याेंकि पूर्व में 14 कैमरे अलग-अलग जगहाें पर लगे हुए हैं। आपकाे बता दें कि वैसे शहर में अभी तक 324 कैमराें से निगरानी की जा रही है,

लेकिन इनमें 14 ही पीटीजेड क्वालिटी के हैं। यही नहीं अलवर के पास खुद का डाटा सेंटर है जहां नेटवर्क वीडियो रिकॉर्डर में लगभग 1 महीने तक हाई क्वालिटी फुटेज को सेव रखी जाती हैं और अनुसंधान के केस में तुरंत प्रभाव से संबंधित एजेंसी काे उपलब्ध कराई जाती है।

अलवर काे 80 आधुनिक तकनीक के पीटीजेड कैमरे आवंटित हुए हैं। इनमें से पहले चरण में विभाग काे एक दिन पहले 50 कैमरे मिल चुके हैं। इन कैमराें के इंस्टाॅल हाेने के बाद शहर का बड़ा हिस्सा कवर हाे जाएगा।
-चारू अग्रवाल, कार्यवाहक संयुक्त निदेशक, सूचना एवं प्राैद्याेगिकी विभाग

2018 में स्थापित हुआ था अभय कमांड सेंटर

अलवर में अभय कमांड कंट्राेल सेंटर 2018 में स्थापित हुआ था। अब तक महज 14 पीटी जेड कैमराें के जरिए सरकार काे कानून की अवहेलना करने के केसाें में करीब 48 लाख का राजस्व मिल चुका है। उम्मीद है कि नए 50 कैमरों काे शामिल करने के बाद ट्रैफिक तोड़ने वालों पर भी लगाम लगेगी और सरकार को रेवेन्यू भी मिलेगा।

भास्कर एक्सप्लेनर : सुपर स्पेसिफिकेशन है कैमराें का
अलवर काे मिले यह कैमरे 4 मेगापिक्सल के हैं और 33 गुना तक जूम करके इनमें काेई भी ऑब्जेक्ट आसानी से देखा जा सकता है और ठाेस माॅनिटरिंग की जा सकती है। यहीं नहीं रात को इंफ्रारेड विजन के साथ भी कैमराें की काम करने की क्षमता है। कैमराें के साथ 256 जीबी का एसडी कार्ड भी भेजा गया है इससे कैमरा ऑनलाइन नहीं हाेने की स्थिति में भी डाटा सेव रखा जा सकेगा।