PM Modi: पीएम मोदी ने नवनियुक्त भर्ती के लिए 71000 नियुक्ति पत्र वितरित किए, लोगों के साथ बातचीत भी की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्त भर्ती के लिए लगभग 71,000 नियुक्ति पत्र वितरित किया। उन्होंने सरकारी विभागों और संगठनों में नए भर्ती हुए लोगों के साथ बातचीत भी की।इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि ये साल 2023 का पहला रोजगार मेला है। इस साल की शुरूआत उज्जवल भविष्य की नई उम्मीदों के साथ हुई है। मैं सभी युवाओं और उनके परिवारों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। आने वाले दिनों में लाखों और परिवारों को सरकारी नौकरी में नियुक्ति मिलने वाली है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार, NDA और भाजपा शासित राज्यों में भी लगातार रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। निरंतर हो रहे ये रोजगार मेले अब हमारी सरकार की पहचान बन गए हैं। ये दिखाता है कि किस तरह हमारी सरकार जो संकल्प लेती है, उसे सिद्ध करके दिखाती है।
इससे पहले पीएमओ ने बताया कि रोजगार सृजन को मुख्य प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता पूरी करने की दिशा में यह रोजगार मेला महत्वपूर्ण कदम है। रोजगार मेला रोजगार सृजन में उत्प्रेरक के रूप में कार्य करेगा। युवाओं को उनके सशक्तिकरण और राष्ट्रीय विकास में भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करेगा। देश भर से चयनित युवाओं को भारत सरकार के तहत जूनियर इंजीनियर, लोको पायलट, तकनीशियन, निरीक्षक, उप निरीक्षक, कांस्टेबल, स्टेनोग्राफर, जूनियर एकाउंटेंट, ग्रामीण डाक सेवक, आयकर निरीक्षक, शिक्षक, नर्स, डॉक्टर, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, पीए, एमटीएस जैसे विभिन्न पदों पर तैनाती दी जाएगी।