कोटा में ट्रेन के एसी कोच में सांप, हड़कंप मचा:डेढ़ घंटे लेट हुई, लेकिन नहीं हो सका था रेस्क्यू; स्नेक के साथ गाड़ी रवाना

कोटा में ट्रेन के एसी कोच में सांप, हड़कंप मचा:डेढ़ घंटे लेट हुई, लेकिन नहीं हो सका था रेस्क्यू; स्नेक के साथ गाड़ी रवाना

कोटा जंक्शन पर दयोदय एक्सप्रेस (12182) एसी कोच में सांप आने के कारण डेढ़ घंटे खड़ी रही। काफी मशक्कत के बाद भी कोच से सांप को नहीं निकाला जा सका। रेस्क्यू फेल हो जाने के बाद ट्रेन को सांप के साथ ही रवाना कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि ये चेकर्ड कीलबैक स्नेक था। इसे सामान्य बोलचाल की भाषा में पानी का भी सांप कहा जाता है। मामला मंगलवार रात 10 बजे का है। स्नेक कैचर ने बताया कि यह सांप जहरीला नहीं होता है। सीट के नीचे प्लाई में छिप जाने के कारण उसे पकड़ा नहीं जा सका।

4 नंबर प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी ट्रेन, यात्रियों ने सीट के नीचे देखा

दरअसल, दयोदय एक्सप्रेस (अजमेर-जबलपुर) 10 बजे कोटा स्टेशन के प्लेफॉर्म नंबर 4 पर पहुंची थी। सेकेंड एसी के ए-2 कोच में जब यात्री उतर रहे थे तो अचानक सीट के नीचे उन्हें सांप दिखा। कोच में इस दौरान करीब 40 यात्री मौजूद थे। कोच में सांप आने की सूचना पर हड़कंप मच गया। सभी पैसेंजर्स जल्दबाजी में सामान लेकर नीचे उतर गए।

सूचना पर रेलवे और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद स्नेक कैचर गोविंद शर्मा को बुलाया। शर्मा ने बताया कि वे रात करीब 10:30 बजे वहां पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने सांप को ढूंढना शुरू किया तो वह एक सीट के पीछे बनी प्लाई में छिपा हुआ था। प्लाई को तोड़कर सांप की पूछ को पकड़ बाहर निकालने की कोशिश की।

जगह कम होने की वजह से सांप की पूंछ को पकड़ बाहर की तरफ खींचा तो वह हाथ से फिसल गया और प्लाई के अंदर छिप गया। करीब 1 घंटे तक उसे पकड़ने की को​शिश की गई, लेकिन उसका रेस्क्यू नहीं हो पाया। गोविंद ने बताया कि सांप करीब 2 फीट लंबा था। रात करीब 12 बजे ट्रेन को रवाना किया गया। इस दौरान सीट के आस-पास के यात्रियों को दूसरे कोच में शिफ्ट किया गया।