प्रियंका गांधी का कांग्रेस नेताओं के साथ ब्रेकफास्ट रद्द, राहुल-प्रियंका अलग-अलग रैली में पहुंचेंगे

Dec 12, 2021 - 10:51
प्रियंका गांधी का कांग्रेस नेताओं के साथ ब्रेकफास्ट रद्द, राहुल-प्रियंका अलग-अलग रैली में पहुंचेंगे

महंगाई के खिलाफ जयपुर में होने वाली कांग्रेस की रैली के राष्ट्रीय स्तर पर भी सियासी मायने हैं। इस रैली के जरिए राहुल गांधी को केंद्र के खिलाफ लड़ाई में चेहरा बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। राहुल गांधी दोपहर 12 बजे जयपुर पहुंच रहे हैं। पहले प्रियंका गांधी का कांग्रेस के बड़े नेताओं से ब्रेकफास्ट पर चर्चा का कार्यक्रम था। अब प्रियंका गांधी का कार्यक्रम बदल गया है। प्रियंका गांधी अब दोपहर को सीधे रैली में पहुंचेंगी। प्रियंका गांधी दिल्ली से कार से जयपुर आ रही हैं, वे 12 से 1 बजे के आसपास जयपुर पहुंचेंगी।

वहीं, राहुल गांधी 12 बजे जयपुर पहुंच जाएंगे। राहुल गांधी का एयरपोर्ट से सीधे रैली स्थल पहुंचने का कार्यक्रम है। रैली में सोनिया गांधी के आने की अभी संभावना कम है, सोनिया गांधी का कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है। कांग्रेस नेताओं का ब्रेकफास्ट तय है, यहां के बाद नेता रैली में जाएंगे। रैली के बाद कांग्रेस नेताओं को सीएम की तरफ से लंच दिया जाएगा। कल रात को भी सीएम ने रैली में आए बड़े नेताओं को डिनर दिया था।

रैली स्थल पर कार्यकर्ताओं का पहुंचना शुरू
विद्याधर नगर स्टेडियम में रैली स्थल पर कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ताओं का पहुंचना शुरू हो गया है। बड़े नेता देापहर तक पहुंचेंगें। मंच पर तीन अलग-अलग डोम बनाए हैं। कार्यकर्ता खुले में कुर्सियों पर बैठे हैं, बड़े नेता डोम वाले मंच पर बैठेंगे।

गहलोत का ट्वीट- यह रैली एनडीए सरकार के पतन का रास्ता दिखाएगी
कांग्रेस की रैली से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। गहलोत ने लिखा- आज राजस्थान के लिये एक ऐतिहासिक दिन है, जब केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के कारण बढ़ती अप्रत्याशित मंहगाई के विरोध में जयपुर में राष्ट्रीय महारैली का आयोजन किया जा रहा है। रैली में शीर्ष कांग्रेस नेतृत्व समेत पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस महारैली से देश भर में एक संदेश जाएगा कि अब केन्द्र की भाजपा सरकार की गलत नीतियों के व्यापक रूप से विरोध का वक्त आ गया है। पूरे देश में इस रैली से उठी जनजागरण की लौ, एक मशाल बनकर एनडीए सरकार के पतन का मार्ग प्रशस्त करेगी।

रैली से केंद्र के खिलाफ माहौल बनाने की शुरुआत
जयपुर की रैली के जरिए कांग्रेस केंद्र सरकार को घेरने की शुरुआत करने जा रही है। महंगाई को कांग्रेस 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों में मुद्दा बनाएगी। जयपुर के बाद 16 को उत्तराखंड में राहुल गांधी की रैली प्रस्तावित है। इस रैली से कांग्रेस के अंदरूनी समीकरण साधने की भी कोशिश है।