Rajasthan Budget: 14 हजार 400 जगह होगा लाइव टेलीकास्ट, गहलोत सरकार के मौजूदा कार्यकाल का आखिरी बजट

Rajasthan Budget: 14 हजार 400 जगह होगा लाइव टेलीकास्ट, गहलोत सरकार के मौजूदा कार्यकाल का आखिरी बजट

सीएम अशोक गहलोत आज सुबह 11 बजे से राजस्थान विधानसभा सदन में प्रदेश का वित्तीय वर्ष 2023-24 का बजट पेश करेंगे। इसे यादगार और लोकप्रिय बनाने के लिए प्रदेश में 14,400 जगहों पर लाइव टेलीकास्ट की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के तीसरे कार्यकाल का आखिरी बजट युवाओं और स्टूडेंट को समर्पित रहेगा। चुनावी साल में आ रहे इस बजट को लेकर खासी चर्चाएं हैं। प्रदेश में 14,400 जगहों पर बजट का लाइव टेलीकास्ट दिखाने की व्यवस्थाएं की गई है। सरकार ने इन जगहों पर मौजूद 40 लाख लोगों को बजट लाइव दिखाने के बंदोबस्त किए हैं।सभी जिला परिषदों, ब्लॉक मुख्यालयों, ग्राम पंचायत स्तर पर 11,500 जगह, 200 कृषि विज्ञान केंद्रों, 2,350 गवर्नमेंट और प्राइवेट कॉलेजों और सभी नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका क्षेत्रों में 350 जगहों पर बजट को लाइव दिखाया जाएगा। ई-मित्र प्लस केंद्रों पर भी लाइव टेलीकास्ट होगा। इनके अलावा टीवी चैनल्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और वेबसाइट पर भी विधानसभा से वेब लिंक के ज़रिए सीधा प्रसारण होगा। विधानसभा के यूट्यूब चैनल, सीएम अशोक गहलोत के फेसबुक और सोशल मीडिया पेज पर भी बजट भाषण लाइव दिखाया जाएगा। बजट को यादगार और लोकप्रिय बनाने के लिए यह कवायद की गई है।

बजट में कई लोक-लुभावन घोषणाएं होंगी...
इस बजट में कई लोकलुभावन घोषणाएं सीएम अशोक गहलोत करेंगे। नए संभागों और जिलों का गठन, पेट्रोलियम-एलपीजी गैस पर वैट घटाने, करीब एक लाख नौकरियों के लिए भर्ती निकालने, फ्री बिजली स्कीम का दायरा बढ़ाने के साथ सीमित मात्रा में प्रतिमाह फ्री पेयजल देने की घोषणा भी की जा सकती है। किसानों को दिन में बिजली, खाद-उर्वरक और उन्नत बीज किट्स, सिंचाई का पानी, कर्मचारियों को चयनित वेतनमान, निविदा कर्मचारियों के लिए राहत की घोषणा, सोशल सिक्योरिटी पेंशन, स्टार्टअप्स, टूरिज्म, स्पोर्ट्स, स्कूल और कॉलेज, हायर एजुकेशन, यूथ के लिए घोषणाएं, महिलाओं के स्मार्टफोन और स्टूडेंट्स को टैबलेट का बजट, ईआरसीपी को लेकर बड़ी घोषणाएं की जा सकती हैं।

बजट के बाद सीएम गहलोत और विपक्ष के नेता करेंगे प्रेस ब्रीफिंग... 
बजट को पेश करने के बाद विधानसभा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत प्रेस ब्रीफिंग करेंगे। गहलोत जहां इस बजट को ऐतिहासिक और आम जनता को बचत, राहत और बढ़त गिनाएंगे। तो वहीं विपक्ष की ओर से नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया समेत सीनियर बीजेपी लीडर भी प्रेस वार्ता करेंगे। विपक्ष की कोशिश रहेगी कि बजट में खामियां निकालकर जनता के सामने लाया जाए। पिछली कई बजट घोषणाएं और जन घोषणा पत्र के वादे अब तक पूरे नहीं होने, प्रदेश पर कर्ज का बोझ बढ़ने, बजट का पैसा कहां से आएगा, जैसे मुद्दों पर भी विपक्ष सरकार पर निशाना साधने की तैयारी में है।

बजट से पहले सीएम गहलोत की पत्नी सुनीता गहलोत ने गाया बधाई गीत...
बजट से पहले सीएम अशोक गहलोत की पत्नी सुनीता गहलोत ने यू-ट्यूब पर एक नया विवाह गीत रिलीज किया है। यूट्यूब पर सुनीता गहलोत का गाया हुआ लोकगीत- 'बन्ना बन्ना...तेरा लहर लहार जिया होय...ओ बन्नी जयमाला गले में डाल दे..' रिलीज हुआ है। यूट्यूब के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी यह गाना चर्चा का विषय बना हुआ है। इन गानों की कंपोजर और सिंगर खुद सुनीता गहलोत ही हैं। गाने की शुरुआत में लिखा है कि विवाह के मौके पर मेरी मां इन्हीं गीतों को माधुर्य और उत्साह के साथ गाती थीं। सुनीता गहलोत ने पहले भी खुशी के मौके पर कई विवाह गीत यूट्यूब पर अपलोड कर चुकी हैं।