तेज रफ्तार देख रुकने का इशारा कर रहे पुलिस कांस्टेबल को टक्कर मार भगा ले गया स्कॉर्पियो

Feb 1, 2021 - 12:47
Feb 1, 2021 - 12:52
तेज रफ्तार देख रुकने का इशारा कर रहे पुलिस कांस्टेबल को टक्कर मार भगा ले गया स्कॉर्पियो
स्कॉर्पियो की टक्कर से घायल कांस्टेबल को एमडीएम अस्पताल लाया गया।

जोधपुर-जयपुर सड़क मार्ग पर कमिश्नरेट के डांगियावास पुलिस थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक स्कॉर्पियो चालक ने तेज रफ्तार के साथ एक पुलिस कांस्टेबल को टक्कर मार दी। वाहन की तेज रफ्तार को देख पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। इस बीच चालक सड़क पर खड़े होकर रूकने का इशारा कर रहे कांस्टेबल को टक्कर मारते हुए स्कॉर्पियो भगा ले गया। घायल कांस्टेबल को जोधपुर के एमडीएम अस्पताल लाया गया है।

पुलिस के अनुसार वाहनों की रफ्तार जांचने के लिए जोधपुर से गई इंटरसेप्टर डांगियावास से थोड़ा आगे बिसलपुर तिराहे पर खड़ी थी। इस दौरान एक स्कॉर्पियो को नब्बे किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आते हुए देख पुलिस ने उसे रोकने का तय किया। स्कॉर्पियो को रोकने के लिए कांस्टेबल अजीत सिंह सड़क पर चला गया। इस दौरान वहां आई स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार उछाल दिया।

टक्कर के बाद चालक ने गाड़ी को रोका नहीं और उसे भगा ले गया। इस हादसे में अजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए तुरंत जोधपुर के एमडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सफेद रंग की स्कॉर्पियो के आगे लोहे का बंपर लगा है। कांस्टेबल को टक्कर मारने के बाद यह गाड़ी पाली, जालोर, अजमेर व नागौर जा सकती है। इन जिलों में पुलिस को सतर्क कर तलाश अभियान चलाया जा रहा है।