बीज भंडार विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई डूंगला और बड़ीसादड़ी में बेच रहे थे नकली बीज कृषि अधिकारी ने लाइसेंस किया निलंबित
जिले के डूंगला और बड़ी सादड़ी पंचायत समिति में कृषि आदान विक्रेताओं का निरीक्षण किया गया। बीज भंडार की दुकानों से नकली बीच बरामद कर लाइसेंस निलंबित किया गया।
रबी गुण नियंत्रण अभियान में सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) चित्तौडगढ़ डॉ. शंकरलाल जाट, कृषि अधिकारी (पौ. सं.) ज्योति प्रकाश सिरोया और कृषि अधिकारी (फसल) अंशु चौधरी ने पंचायत समिति डुगंला और बडीसादडी में कृषि आदान विक्रेताओं का निरीक्षण किया। कोरटेवा एग्री साइन्स प्रा. लि. कंपनी की अनुबंधित कंपनी टु बडी कन्सलटिंग प्रा. लि. के प्रतिनिधि अजीत कुमार को बोहेडा गांव में मैसर्स अरिहंत बीज भंडार में सरसों का नकली बीज बेचने की शिकायत मिली। फर्म ने मूल्य एवं स्टॉक सूची भी प्रदर्शित नहीं कर रखी थी। स्टॉक रजिस्टर और बिल बुक भी कंप्लीट नहीं थी। इतना ही नहीं यह फर्म ने कोरटेवा एग्री साइन्स प्रा. लि. कंपनी के बीज विक्रय के लिए अधिकृत नहीं है। इसके बावजूद सरसों का बीज बेचा जा रहा था। अधिकारियों ने जब फर्म के मालिक नरेंद्र चौधरी को क्रय बिल दिखाने के लिए कहा तो वह भी नहीं था।
कंपनी के प्रतिनिधि ने बताया बेचे जा रहे बीज को नकली
कंपनी के प्रतिनिधि अजीत कुमार ने बताया कि फर्म के यहां सरसों किस्म 4535 के 14 पैकेट 1 किलो पेकिंग साइज के पाए गए। जिसकी जांच कंपनी के प्रतिनिधि ने किया। जांच के दौरान होलोग्राम पट्टी बाहर निकली हुई थी। 3D कार्ड जांच करने पर PHI सीड्स प्रदर्शित नहीं हो रहा था। थैलियों का कलर हल्का पाया गया था। कंपनी के प्रतिनिधि ने इसे नकली बीज बताया। जिसके बाद कृषि और बीच निरीक्षक के सहायक निदेशक डॉ.शंकर लाल जाट ने बीज का नमूना लिया और राजकीय बीज परीक्षण लैबोरेट्री में जांच के लिए भिजवाया।
बीज भंडार का लाइसेंस निलंबित
अरिहंत बीज भंडार के मालिक नरेंद्र चौधरी पुत्र घीसू लाल चौधरी निवासी बोहेड़ा के खिलाफ बड़ी सादड़ी थाने में मामला दर्ज करवाया। इसके साथ ही फॉर्म ने उर्वरक का भंडारण और व्यापार किया जा रहा था लेकिन उर्वरक का लाइसेंस नहीं था। मूल्य और स्टॉक सूची भी नहीं थी, ना ही स्टॉक रजिस्टर और बिल रखे हुए थे। कई नियमों का उल्लंघन पाने पर डॉ.शंकर लाल जाट ने अरिहंत बीज भंडार का लाइसेंस आगामी आदेश तक निलंबित कर दिया और 3 दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।


