अभ्यर्थियों ने उठाई बोनस अंक की मांग:वरिष्ठ अध्यापक भर्ती: विज्ञान के पेपर में गणित के सवाल

अभ्यर्थियों ने उठाई बोनस अंक की मांग:वरिष्ठ अध्यापक भर्ती: विज्ञान के पेपर में गणित के सवाल

राजस्थान लोकसेवा आयोग की ओर से आयोजित की जा रही संस्कृत शिक्षा की वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा के एक पेपर में बड़ी गफलत सामने आई है। मंगलवार को पहली पारी में हुए विज्ञान के पेपर में गणित पढ़ाने का तरीका पूछ लिया गया। इस तरह के सवाल देखकर अभ्यर्थी भी हैरान रह गए। विज्ञान के पेपर में गणित से जुड़े सवालों को वे हल ही नहीं कर पाए। अब उन्होंने बोनस अंकों की मांग उठाई है।

नागौर के अभ्यर्थी हरीश सियाग का कहना है कि पेपर में 20 के करीब सवाल विज्ञान की शिक्षण विधियों से जुड़े हुए आने थे। लेकिन इनमें से करीब 10 से 12 सवाल गणित की शिक्षण विधियों से जुड़े हुए आ गए। इन सवालों को वे हल नहीं कर पाए। विज्ञान की बजाय गणित के सवाल आने से हुई इस गफलत के चलते उन्हें खासी परेशानी हुई। पेपर में इस तरह की गलती होना बड़ी लापरवाही है। इसलिए आयोग को अभ्यर्थियों के हित में इन सवालों के बोनस अंक देने चाहिए। ताकि किसी अभ्यर्थी के साथ अन्याय नहीं हो।