पुलिस के हत्थे चढ़े दो शातिर चोर:चोरी की बाइक से कंपनियों से चुराते थे तांबा, एक बाइक और 11 किलो तांबा जब्त
भिवाड़ी की फेस थर्ड थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल व कंपनियों से तांबा चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों ही बदमाश पहले बाइक चोरी करते हैं और उसके बाद चोरी की बाइक से ही कंपनियों में तांबा चोरी करने की वारदात करते हैं। साथ ही पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की हुई एक बाइक और 11 किलो तांबा भी बरामद किया है।
भिवाड़ी फेस थर्ड थाना अधिकारी कुशाल सिंह ने बताया कि गत 24 जनवरी को रंजीत कॉलोनी भिवाड़ी के रहने वाले शोएब पुत्र समसू मेव ने मामला दर्ज करवाया था कि वह 16 जनवरी को कहरानी में स्थित अपनी कबाडे की दुकान पर दोपहर एक बजे बाइक खड़ी कर अंदर गया था। जब दोपहर बाद आकर देखा तो उसकी स्प्लेंडर प्लस बाइक चोरी हो चुकी थी। काफी तलाश करने के बाद भी बाइक नहीं मिली, जिस पर मामला दर्ज जांच शुरू की गई।
बुधवार को सूचना मिली कि 16 जनवरी को चोरी हुई बाइक को दो व्यक्ति कहरानी से लेकर अजंता चौक की तरफ आ रहे हैं और बीच में एक सफेद कट्टा भी रखा हुआ है, जिसमें चोरी का सामान है। पुलिस ने दबिश देकर बाइक को रुकवाने का प्रयास किया तो दोनों ही बदमाश बाइक को वापस घुमाकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया।
कड़ाई से पूछताछ की तो बाइक को चोरी की बताया और उनके पास सफेद कट्टे में 11 किलो तांबा मिला। तांबा एक कंपनी से चोरी करना स्वीकार किया है। इस पुलिस ने मधुबन सीतामढ़ी बिहार के रहने वाले विनीत (23) पुत्र फूलबाबू व कैथवाडा भरतपुर के रहने वाले मुस्तकीम (20) पुत्र फखरुद्दीन को बुधवार गिरफ्तार कर लिया। बाइक व 11 किलो तांबे को जब्त कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।
Naresh Chouhan 

