सबसे ज्यादा खराबा सरसों में:बहरोड़ क्षेत्र में फसलों में नुकसान की सर्वे रिपोर्ट कलेक्टर को भेजी
उपखंड क्षेत्र में पिछले दिनों पाला पड़ने और शीतलहर के चलने से खराब हुई फसलों की रिपोर्ट कलेक्टर कार्यालय और एसडीएम ऑफिस को भेज दी गई है। कार्यवाहक तहसीलदार द्वारका प्रसाद तिवाड़ी ने शनिवार को पटवारियाें और भू-निरीक्षकों की बैठक ली। तहसीलदार द्वारका प्रसाद ने बताया कि बहरोड़ उपखंड में 31 पटवार मंडल हैं। जहां 34 पटवारी तैनात हैं। इन्होंने उपखंड के 94 गांव में सर्वे रिपोर्ट तैयार की। जिसमें 60 फ़ीसदी गेहूं सरसों की फसल में नुकसान पाया गया।
उन्होंने बताया कि सबसे अधिक नुकसान सरसों की फसलों में सामने आया है। बहरोड़ उपखंड में 18670 हजार हेक्टेयर में सरसों की फसल लहला रही है। जबकि गेंहू 9255 हेक्टेयर में है। इनमें 50 से 60 फीसदी नुकसान होने से किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा। जिसकी रिपोर्ट तैयार कर भेजी गई है। अब अगर सरकार नुकसान के अनुसार किसानों को मुआवजा देती है तो उन्हें आर्थिक संबल मिलेगा। सबसे ज्यादा नुकसान कम पानी वाले गांवों में हुआ है। जिसमें गांव महाराजावास, अनंतपुरा, कोहराना, ऊंटोली, जखराना, भगवाडी कलां, कुरेली, बालपुरा, लक्सीवास सहित आसपास के क्षेत्र में नुकसान अधिक है।
इधर, अलवर के पूर्व सांसद और बीसूका पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ करण सिंह यादव आज बहरोड़ क्षेत्र के विभिन्न गांव हमजापुर, दुघेड़ा, ढूंढारिया, गंडाला समेत कई गांवों में पहुंचे। यहां उन्होंने किसानों के साथ खेतों में खड़ी सरसों की फसल के नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ कभी अन्याय नहीं होने देंगे। कांग्रेस नेता बस्तीराम यादव ने कहा कि किसानों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। जिसको लेकर सरकार से वार्ता के करेंगे।
बैठक के दौरान पटवार मंडल अध्यक्ष संदीप यादव, कानूनगो त्रिलोकचंद यादव, बस्तीराम यादव, नवीन कुमार, सागरमल, प्रहलाद मीणा, पटवारी अमित यादव, रामपत यादव, नरेंद्र कुमार, अनिल कुमार, लीलाराम यादव, राकेश यादव,राजाराम यादव, आशुतोष यादव, शर्मिला कुमारी, अजय कुमार, मंगल चंद, शर्मिला यादव सहित 31 पटवार मंडलों के पटवारी मौजूद थे।
Naresh Chouhan 

