शिक्षा मंत्री की क्षेत्रवाद शिक्षा नीति के खिलाफ सड़कों पर उतरे शिक्षक
शिक्षा मंत्री की क्षेत्रवाद शिक्षा नीति के खिलाफ शिक्षक दिवस पर बाड़मेर जिले के शिक्षक सड़कों पर उतरे। दरअसल, एक दशक बाद तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों से प्रतिबंध मुख्यमंत्री की ओर से हटाया गया और 25 अगस्त तक तबादला आवेदन लिए गए। इसी बीच 24 अगस्त को सेटअप परिवर्तन के आदेश शिक्षा विभाग की ओर से जारी किए गए। सेटअप परिवर्तन प्रक्रिया से आक्रोशित शिक्षकों ने टीम नूतन के बैनर तले आंदोलन का शंखनाद किया। टीम नूतन ने शिक्षक दिवस पर रविवार को स्वाभिमान मार्च निकाल सत्ता को राजधर्म पालन का संदेश पहुंचाया।
शिक्षकों ने रविवार को गांधी चौक से कलेक्ट्रेट तक मौन जुलूस निकाला। टीम नूतन संचालक नूतनपुरी गोस्वामी के नेतृत्व एवं स्वाभिमान मार्च संयोजक गनी खां हालीपोतरा की देखरेख में गांधी चौक से दोपहर सवा बारह बजे मौन जुलूस शुरू हुआ। टीम नूतन की ओर से स्वाभिमान सभा से पूर्व अहिंसा सर्किल व विवेकानंद चौराहे पर स्वाभिमान मार्च रोक कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर संचालक नूतनपुरी गोस्वामी की ओर से माल्यार्पण किया गया।
कलेक्ट्रेट पहुंच स्वाभिमान मार्च स्वाभिमान सभा में तब्दील हुआ। जिसे संबोधित करते हुए शिक्षक नेता व टीम नूतन संचालक नूतनपुरी गोस्वामी ने शिक्षा मंत्री की मंशा पर भी गंभीर सवाल उठाए। गोस्वामी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की शिक्षकों के प्रति सकारात्मक भावना और कांग्रेस घोषणा पत्र वायदे मुताबिक सेटअप प्रक्रिया बंद करने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर बने सेवा नियम 2021 6(3) का प्रारूप बता मुख्यमंत्री की सकारात्मक शिक्षक नीति के विपरीत शिक्षा मंत्री की क्षेत्रवाद शिक्षा नीति पर भी कटाक्ष किया।
मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, सेटअप परिवर्तन रोेकने की मांग: स्वाभिमान मार्च व सभा बाद टीम नूतन संचालक व स्वाभिमान मार्च संयोजक के नेतृत्व में महिला-पुरुष शिक्षकों ने जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को ज्ञापन भेजा और नियम 2021 6(3) के तहत सेटअप परिवर्तन पर स्थायी रोक लगाने की मांग की।
टीम नूतन के स्वाभिमान मार्च में सेवारत शिक्षकों के साथ-साथ युवा, बेरोजगार एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों ने भी भाग लिया। अंत में स्वाभिमान मार्च संयोजक गनी खां हालीपोतरा ने विरोध-प्रदर्शन में शामिल हुए शिक्षकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।


