मेगा टेक्सटाइल पार्क जोधपुर में खुले टेक्सटाइल पार्क, मारवाड़ में 2 हजार उद्योग, 20 हजार करोड़ का टर्नओवर

मेगा टेक्सटाइल पार्क जोधपुर में खुले टेक्सटाइल पार्क, मारवाड़ में 2 हजार उद्योग, 20 हजार करोड़ का टर्नओवर

केंद्रीय बजट में वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने देश में 7 मेगा टेक्सटाइल पार्क खोलने की घोषणा की है। जोधपुर इनमें से एक पार्क का प्रबल दावेदार है, क्योंकि संभाग में जोधपुर सहित पाली व बालोतरा में 2 हजार कपड़े उद्योग हैं और टेक्सटाइल का करीब 20 हजार करोड़ का सालाना टर्नओवर है। मारवाड़ का कपड़ा देश के हर कोने में जाता है। यहां मेगा टेक्सटाइल पार्क खुलने से इन 2 हजार इंडस्ट्रीज की दिशा व दशा तो सुधरेगी ही नए उद्योग व रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। संभाग का सालाना टर्नओवर भी दोगुना हो जाएगा। केंद्र की मेगा टेक्सटाइल पार्क की योजना के अनुसार ये पार्क एक हजार एकड़ भूमि पर शुरू किए जाएंगे। इनमें विश्व स्तरीय सुविधाएं जुटाई जाएगी। इन पर करीब 10,683 करोड़ रुपए का खर्च किया जाना प्रस्तावित है, लेकिन ये सुविधाएं प्रोडेक्शन बेस्ड होगी, क्योंकि योजना में लाभ वे ही उठा पाएंगे, जो वास्तव में उद्योग लगा कर प्रोडेक्शन करने वाले होंगे। मारवाड़ के उद्योगों का टर्नओवर देखते हुए अगर पार्क जोधपुर में स्थापित होता है तो यहां कपड़ा बनने लगेगा, इंडस्ट्रीज को कॉमन फेसिलिटी सेंटर के माध्यम से अत्याधुनिक मशीनें व टेस्टिंग लेबोरेटरी भी मिल जाएगी।

ये फायदे भी

लैब व उद्योग लगेंगे, रोजगार मिलेंगे

  • एक बड़े भूभाग पर टेक्सटाइल पार्क आने से बड़े उद्योग आएंगे।
  • लूम्स आए तो ग्रे कपड़ा यहां बन सकेगा, जिससे बाहर से कच्चा माल नहीं मंगवाना होगा।
  • अभी कपड़ा मालेगांव, भिवंडी, इचलकरंजी, त्रिपुरा में बनता है, यहां बनने से प्रोडेक्शन यूनिट्स भी आएंगी।
  • गारमेंट का कच्चा माल यहां से जाता है। कपड़ा बनने व प्रिटिंग से गारमेंट यूनिट्स भी लगेगी।
  • हाइटेक लेबोरेट्रीज आने से कपड़ा टेस्टिंग के लिए जयपुर या दिल्ली नहीं भेजना पड़ेगा।
  • नए उद्योग आएंगे तो यहां के लोगों के लिए रोजगार के अवसर खुलेंगे।

हम सब उद्यमी एक होंगे

  • मेगा टेक्सटाइल पार्क जोधपुर में खुलने से मारवाड़ के उद्योगों को फायदा मिलेगा। हम उद्यमियों में सामंजस्य बनाएंगे। राज्य व केंद्रीय सरकार से मिल पार्क जोधपुर लाने का पूरा प्रयास करेंगे। - अशोक संचेती, पूर्व अध्यक्ष, जोधपुर टेक्सटाइल हैंडप्रोसेसर्स एसोसिएशन