एमडीएमएच स्टोर में शराब पी रहा था नर्सिंगकर्मी, हटाया

एमडीएमएच स्टोर में शराब पी रहा था नर्सिंगकर्मी, हटाया
एमडीएमएच के एमआरएस के स्टोर इंजार्च सुरेश कुमार ऑफिस समय में शराब पी रहे थे। उनका वीडियो सामने आने के बाद उन्हें हटा दिया गया।

एमडीएमएच के प्रशासनिक खंड स्थित एमआरएस स्टोर के इंचार्ज नर्स ग्रेड 2 सुरेश कुमार परिहार का मंगलवार को ऑफिस में बैठकर शराब पीने का वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल परिसर में कर्मचारियों के बीच चर्चा का विषय बन गया। यह हाल तब है जबकि स्टोर में कार्यरत नर्सिंगकर्मियों में चार महिलाएं कार्यरत हैं। हालांकि वीडियो वायरल होने की सूचना मिलने के बाद अस्पताल अधीक्षक डॉ. एमके आसेरी ने कार्मिक को तुरंत प्रभाव से हटा दिया।

साथ ही नर्सिंग अधीक्षक की अध्यक्षता में कमेटी का गठन कर पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। गौरतलब है कि फरवरी 2020 से सुरेश कुमार परिहार स्टाेर में एमआरएस स्टोर इंचार्ज के रूप में कार्यरत है। पूर्व में भी किसी मरीज से डेथ सर्टिफिकेट देने के बदले पैसे मांगने पर एसीबी जयपुर में पेशी चल रही है।

  • इधर सुरेश कुमार से इस बारे में पूछने पर बोले- मुझे वीडियो के बारे में नहीं पता। मैं शराब नहीं पीता हूं।