खेत पर गए किसान पर तेंदुए का हमला:गेंहू की फसल के बीच छुपा हुआ था तेंदुआ, युवक ने शोर मचाया; भीड़ देखकर भागा

Feb 23, 2022 - 11:03
खेत पर गए किसान पर तेंदुए का हमला:गेंहू की फसल के बीच छुपा हुआ था तेंदुआ, युवक ने शोर मचाया; भीड़ देखकर भागा

मेवल क्षेत्र में तेंदुए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब मंगलवार देर शाम गिंगला में खेत में पिलाई करते समय एक वृद्ध किसान पर तेंदुए ने हमला कर उसे जख्मी कर दिया। समय रहते पहुंचे ग्रामीणों से किसान की जान बाल-बाल बच गई। वहीं, मामले को लेकर आक्रोशित ग्रामीण तेंदुए को पकड़ने की मांग पर अड़े रहे। जानकारी के अनुसार 65 वर्षीय गिंगला निवासी भेरा पटेल पुत्र नाथूलाल पटेल घर के पास खेत में देर शाम फसलों की पिलाई कर रहा था। तभी गेहूं की फसल में दूबके तेंदुए ने वृद्ध पर हमला कर दिया।

तेंदुए के हमले के बाद पीड़ित ने शोर मचाया। जिस पर पास ही बाड़े में काम कर रहे कुछ लोग और ग्रामीण खेतों की ओर दौड़े। ग्रामीणों का शोर सुनकर तेंदुआ जंगल की तरफ भाग गया। वहीं, घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। घटना में किसान के हाथ की हथेली बुरी तरह से जख्मी हो गई। पीठ सहित तीन-चार जगह घाव के निशान पड़ गए। ग्रामीण लहूलुहान हालत में घायल को गिंगला स्थित अस्पताल ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे उदयपुर अस्पताल के लिए रैफर किया गया। गनीमत रही कि खेत आबादी के पास होने और समय पर ग्रामीणों के पहुंचने से वृद्ध की जान बच गई।