पानीपत में शादी वाले घर में धमकी भरी चिट्‌ठी:पूरे परिवार को गोली मारने की धमकी; जानकारों के हाथ दूल्हे के नाम भिजवाया पत्र

पानीपत में शादी वाले घर में धमकी भरी चिट्‌ठी:पूरे परिवार को गोली मारने की धमकी; जानकारों के हाथ दूल्हे के नाम भिजवाया पत्र

हरियाणा के पानीपत जिले के एक गांव में शादी वाले घर को धमकी भरी चिट्ठी मिली है। जानकार युवकों के हाथों बाइक सवार दो राहगीरों ने ये चिट्‌ठी उनके घर पहुंचवाई। जिसमें पूरे परिवार को घर में घुसकर गोली मारने की बात लिखी हुई है।

इस चिट्‌ठी के बाद परिवार परेशान हो गया है। क्योंकि पांच दिन बाद ही घर में शादी है। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात बदमाशों पर IPC की धारा 506 के तहत केस दर्ज कर लिया है।

नाकाबपोश थे बदमाश, लोकल थी बोली
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में रवि कुमार राणा ने बताया कि वह गांव ददलाना का रहने वाला है। 8 फरवरी को वह अपने घर पर था। रात करीब 8:30 बजे घर पर उसके परिचित हेमंत यादव व शैलेस यादव आए। दोनों 2G एथनॉल प्लांट रिफाइनरी में काम करते हैं

उन्होंने घर के बाहर आकर आवाज लगाई। आवाज सुनकर वह बाहर आया। बाहर आने के बाद हेमंत यादव ने उसके हाथ में एक चिट्‌ठी पकड़ाई। कहा कि उन्हें राह चलते एक बाइक सवाक दो युवकों ने यह चिट्‌ठी तुम्हें देने के लिए दी है। दोनों युवक नकाबपोश थे। वे लोकल बोली बोल रहे थे।
यह लिखा था चिट्‌ठी पर
चिट्‌ठी एक सफेद लिफाफे में बंद थी। लिफाफे के ऊपर हिंदी में रजत राणा ग्राम ददलाना, टाउनशिप रोड लिखा हुआ था। जिसको खोलने पर अंदर से एक हिंदी में टाइप हुआ पत्र मिला। जिसको पढ़ने पर परिवार, उसे व उसके छोटे भाई रजत को जान से मारने की धमकी देने के बारे में लिखा हुआ था। लिखा था कि घर के अंदर गोली मारेंगे। चिट्‌ठी पर उसकी मां मुंदरी का भी नाम लिखा हुआ था।

5 दिन बाद है घर में शादी
रवि ने बताया कि उसके छोटे भाई रजत की 15 फरवरी को शादी है। बारात यमुनानगर जाएगी। शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी है। इसी बीच इस चिट्ठी के मिलने से परिवार परेशान हो गया है।