जिला राेजगार कार्यालय की टीम ने किया निरीक्षण:कार्यालयों में अनुपस्थित मिले इंटर्न, अब भत्ता रोकेगा रोजगार कार्यालय

मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के तहत गुुरुवार काे अलवर जिला मुख्यालय एवं राजगढ़ उपखण्ड मुख्यालय पर इन्टर्न की उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली का भौतिक सत्यापन किया गया। जिला रोजगार कार्यालय के सहायक निदेशक श्याम लाल साटोलिया ने बताया कि अनुपस्थित इन्टर्न का एक दिवस का भत्ता रोका जाएगा एवं लम्बे समय से अनुपस्थित इन्टर्न के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सभी कार्यालयों के नियंत्रक अधिकारियाें को इन्टर्न की अनुपस्थिति पर सख्ती की हिदायत दी गई।

भौतिक सत्यापन के दौरान सतर्कता दल का नेतृत्व जिला रोजगार अधिकारी श्रेष्ठ दीक्षित एवं कनिष्ठ रोजगार अधिकारी तमन्ना सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि जिला परिषद में नियोजित 16 इंटर्न में से 2 उपस्थित व 14 अनुपस्थित, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में 8 में 2 उपस्थित व 6 अनुपस्थित, प्रबंधक अनुजा निगम में 6 इंटर्न में से सभी अनुपस्थित, तहसीलदार अलवर कार्यालय में 36 में 2 उपस्थित व 34 अनुपस्थित, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवाजी पार्क में 6 में से 2 उपस्थित व 4 अनुपस्थित, मुख्य आयोजना अधिकारी कार्यालय अलवर में में 5 में से सभी अनुपस्थित, ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी कार्यालय राजगढ़ में 16 में से सभी अनुपस्थित, विकास अधिकारी कार्यालय राजगढ़ में में 24 में से 4 उपस्थित व 20 अनुपस्थित, तहसीलदार कार्यालय राजगढ़ में 17 में से 7 उपस्थित व 10 अनुपस्थित, एसएसओ राजगढ़ में में 9 में से 6 उपस्थित व 3 अनुपस्थित मिले।