मुंबई से दिल्ली घूमने गए तीन दोस्ताें ने सस्ते के चक्कर में खरीदी शराब की बोतलें, बैग में छिपा ले जा रहे थे
पालनपुर फोरलेन पर शनिवार देर रात कार में रखे एक ट्रॉली बेग में छिपाकर मुंबई महाराष्ट्र जे जाई जा रही हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब की विभिन्न ब्रांडों की 71 बोतलों के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। तीनों दोस्त है जिनमें एक व्यापार तथा दो नौकरी कर रहे हैं। ये लोग दिल्ली-गुडगांव घूमने गए थे वहां सस्ती के चक्कर में इस शराब को खरीदकर ले जा रहे थे। पकड़ी गई शराब की कीमत करीब ढाई लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार एसपी पूजा अवाना के निर्देशानुसार एएसपी मिलन कुमार जोहिया व माउंट डीएसपी प्रवीण कुमार के सुपरविजन में रीको थानाधिकारी राणसिंह सोढा, हैडकांस्टेबल देवाराम, कांस्टेबल भवानीसिंह, रामनिवास व देवीलाल की टीम ने मावल चौकी पर नाकाबंदी की हुई थी।
इस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा राजस्थान से गुजरात की ओर जा रहे हरेक छोटे-बडे वाहन को रुकवाकर तलाशी ली जा रही थी। आबूरोड की ओर से आ रही कार को रुकवाने के बाद जांच की गई तो एक ट्रॉली में हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब की विभिन्न महंगे ब्रांडों की 71 बोतलें पाई गई।
इस मामले में कार सवार नापासर जिला बीकानेर हाल बी 202 सिद्धी टॉवर, भक्ति मंदिर रोड, पांचाखाडी थाना नोपडा जिला ठाणे, महाराष्ट्र निवासी मुरली पुत्र मांगीलाल मुंदडा, महेश्वरी, हैप्पीवली होम्स, तीकू जीनीवाडी रोड, मानपाडा, जिला ठाणे महाराष्ट्र निवासी राजीव पुत्र सत्यदेवसिंह राजपूत तथा 404 सिद्धी टॉवर, बीएम रोड, हरिनिवास, पांचाखाडी, थाना नोपडा जिला ठाणे, महाराष्ट्र निवासी सचिन पुत्र कांतिलाल नंदा से पूछताछ की। इसके बाद शराब व कार को जब्त कर तीनों को गिरफ्तार किया।
महाराष्ट्र में शराब महंगी है सस्ती के चक्कर में हरियाणा निर्मित शराब की महंगे ब्रांडों की बोतलें खरीदकर ले जा रहे थे आरोपी
- इस मामले में अब तक की पूछताछ में यह सामने आया है कि कार में शराब का अवैध रुप से परिवहन करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी दोस्त है तथा मुंबई से दिल्ली-गुडगांव घूमने गए थे। चूंकि, महाराष्ट्र में शराब सबसे महंगी है इसलिए आरेापियों ने सस्ते के चक्कर में हरियाणा निर्मित शराब की महंगे ब्रांडों की बोतलें खरीदकर ले जा रहे थे। हमारे यहां पर इसकी कीमत ढाई लाख रुपए है लेकिन, जहां से इन्होंने इसे खरीदा होगा काफी कम में लिया होगा। नियमानुसार एक स्टेट से दूसरे स्टेट शराब को नहीं ले जाया जा सकता है। - आरएस सोढा, थानाधिकारी, रीको पुलिस थाना, आबूरोड
इधर, नोन ट्रेडिंग सीमेंट के 500 कट्टों व ट्रक को वाणिज्यक विभाग ने किया जब्त
फर्म को नोटिस देकर मांगा जवाब, फर्म से जवाब मिलने के बाद वसूली जाएगी नियमानुसार पेनल्टी
आबूरोड | वाणिज्यक कर विभाग की ओर से आबूरोड के मावल गांव में नोन ट्रेडिंग सीमेंट के 500 कट्टों व ट्रक को जब्त करने की कार्रवाई की गई। इसके बाद संबंधित फर्म संचालक आरासुरी आयरन एवं जनरल स्टाेर संचालक महेश गर्ग को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। इस मामले में फर्म की ओर से जवाब मिलने के बाद नियमानुसार पेनल्टी वसूलने की कार्रवाई की जाएगी।
वाणिज्यक कर विभाग के सहायक आयुक्त गजानंद मीणा ने बताया कि विभाग की ओर से नोन ट्रेडिंग सीमेंट के 500 कट्टे व ट्रक को जब्त करने के बाद कार्यालय पर जाकर खड़ा करवा दिया गया है। संबंधित फर्म को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। फर्म की अेार से जवाब इन सीमेंट के कट्टों से संबंधित दस्तावेज मिलने के बाद जांच कर नियमानुसार पेनल्टी वसूलने की कार्रवाई की जाएगी। रविवार को संबंधित ट्रक चालक कार्यालय में उपस्थित हुआ था।
रिटेल सैल में नहीं बेची जा सकती है नोन ट्रेडिंग सीमेंट
नोन ट्रेडिंग सीमेंट का सरकारी कामों में उपयोग किया जाता है। इसे बाजार में रिटेल में सैल नहीं किया जा सकता है। लेकिन, बाजार में आमतौर पर मिलने वाली सीमेंट की तुलना में इसकी कीमत काफी कम होती है। ऐसे में बाजार में बेचने के मामले सामने आते रहते हैं। विभाग की ओर से मावल गांव में सालासर कॉम्प्लेक्स परिसर स्थित आरासूरी आयरन एवं जनरल स्टोर एवं उसकी सहयोगी फर्म पर भी दबिश देकर अनियमितताओं की जांच की गई।
- ऐसे मामलों में जब्त सामान की कीमत के बराबर तक पेनल्टी होती है। विभाग की ओर से जो सीमेंट जब्त की गई है इसकी कितनी कीमत है सोमवार को आंकलन करेंगे। इसके बाद फर्म की ओर से प्रस्तुत किए जाने वाले जवाब एवं दस्तावेजों की जांच के बाद पेनल्टी वसूलने की कार्रवाई की जाएगी। - गजानंद मीणा, सहायक आयुक्त, वाणिज्यिक विभाग, आबूरोड


