टायर फटने से स्कूल बस पलटी, 4 बच्चे-ड्राइवर घायल,बानसूर में हुआ हादसा, मौके पर जुटी लोगों की भीड़

टायर फटने से स्कूल बस पलटी, 4 बच्चे-ड्राइवर घायल,बानसूर में हुआ हादसा, मौके पर जुटी लोगों की भीड़

अलवर जिले के बानसूर कस्बे में शुक्रवार शाम 4 बजे प्राइवेट स्कूल की बस पलट गई। हादसे में 4 बच्चे घायल हो गए। खटोटी गांव के पास ये हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि बस का टायर फट गया था। इसके बाद ड्राइवर बस पर काबू नहीं रख पाया और बस सड़क से उतरकर पलट गई।

हादसे के बाद बच्चों की चीख-पुकार मच गई। बस धीरपुर-खटोटी के बीच स्थित हरदयाल हायर सेकेंडरी स्कूल की है। बस बच्चों को स्कूल से लेकर खटोटी छोड़ने जा रही थी। इस दौरान हादसा खटोटी गांव के पास हो गया। बास में कुल 32 बच्चे सवार थे। जिनमें से 4 घायल हो गए। सूचना पर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घायल बच्चों को इलाज के लिए बानसूर अस्पताल ले जाया गया है।

बानसूर एसडीएम राहुल सैनी ने बताया कि धीरपुर स्थित हरदयाल हायर सेकेंडरी स्कूल की छुट्‌टी के बाद बस ड्राइवर माडाराम बच्चों को लेकर निकला था। खटोटी गांव के बच्चों को छोड़ने बस जा रही थी। इस दौरान बस का स्टेरिंग रॉड टूटने से टायर फट गया और बस बेकाबू होकर गड्ढे में जा गिरी। इस हादसे में जिसमें 4 बच्चे घायल हो गए।

बाकी बच्चे सकुशल, घर भेजे

दो बच्चों को कोटपूतली के बीडीएम अस्पताल में रेफर किया गया है। दो बच्चों को हल्की चोट आई थी, जिन्हें बानसूर में ही प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया। बच्चों की हालत सही बताई जा रही है। बस में 32 बच्चे सवार थे, बाकी बच्चे सकुशल बताए जा रहे हैं।

एक छात्रा को परिजन निजी वाहन से कोटपूतली ले गए

स्कूल में 9वीं कक्षा के छात्र अनिल को ज्यादा चोट आई है। उसे बानसूर उपजिला अस्पताल लाया गया। जहां से कोटपूतली के बीडीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। बस ड्राइवर माडाराम को भी गंभीर चोट आई हैं। उसे भी कोटपूतली के लिए रेफर कर दिया गया है। 12वीं क्लास की एक छात्रा को उसके परिजन अपने साथ निजी वाहन में कोटपूतली ले गए।स्थानीय लोगों ने बताया कि धीरपुर के हरदयाल उच्च माध्यमिक स्कूल की बस है। यह बस बच्चों को छोड़ने के लिए धीरपुर से खटोटी जा रही थी। धीरपुर से निकलते ही खटोली रोड पर टायर फटने से बस बेकाबू हो गई और गड्ढे में जा गिरी। जिसमें 5 बच्चे घायल हो गए। सूचना पर एसडीएम राहुल सैनी डीएसपी सुनील जाखड़ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।