कांग्रेस का दिल्ली कूच:दावा 100 ट्रैक्टरों का था, 30 ट्रैक्टर लेकर निकले परिवहन मंत्री और मुख्य सचेतक; दोनों ने उड़ाई कोरोना गाइडलाइन की धज्जियां
दिल्ली में 26 जनवरी को प्रस्तावित किसानों की ट्रैक्टर रैली में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस सेवादल भी शामिल होगा। इसके लिए सोमवार को ट्रैक्टरों में सवार होकर निकले कार्यकर्ताओं ने दिल्ली की ओर कूच किया। जयपुर में सेवादल कार्यालय से निकाली इस ट्रैक्टर रैली में परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने खुद ट्रैक्टर चलाया और उनके साथ मुख्य सचेतक महेश जोशी बैठे।
इस बीच दोनों नेताओं ने कोरोना गाइडलाइन की भी खूब धज्जियां उड़ाई। सोशल डिस्टेंसिंग तो दूर की बात दोनों ने मुंह पर मास्क तक नहीं लगाया था। यही नहीं ट्रैक्टर रैली से पहले मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज हम 100 ट्रैक्टर लेकर रैली निकालने जा रहे हैं। लेकिन कुछ देर बाद जब रैली निकली तो उसमें करीब 30 ट्रैक्टर भी शामिल नहीं हुए।
रैली में मीडिया से बात करते हुए खाचरियावास ने कहा कि केन्द्र सरकार कोरोनाकाल में किसानों को बर्बाद करने वाला ये बिल लेकर आई है। कांग्रेस उसका पुरजोर विरोध करेगी। क्योंकि ये बिल देश का माहौल बिगाड़ रहा है। यही कारण है कि आज मजबूरन किसान इतने लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र की सरकार अड़ियल रूख अपना रही है, जो ठीक नहीं है। आज 60 से ज्यादा किसान अपनी जान गंवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर सही में केन्द्र की सरकार किसान समर्थित होने का दावा करती है तो उसे ये तीनों कृषि कानूनों को वापस लेना चाहिए।
देर रात पहुंचेंगे शाहजहांपुर
तिरंगा हाथों में लेकर निकली ये रैली कलेक्ट्रेट सर्किल, खासाकोठी पुलिया, एमआई रोड, घाटगेट, ट्रांसपोर्ट नगर होते हुए दिल्ली बाइपास पर पहुंची। यहां से ये रैली देर रात तक राजस्थान के बॉर्डर शाहजहांपुर पहुंचेगी। यहां से ये रैली किसानों की ओर से प्रस्तावित ट्रेक्टर रैली में शामिल होगी।


