रात 2 बजे खाली ATM उखाड़ ले गए बदमाश:पिकअप में ले गए; बैंकवाले रोजाना पैसा वापस निकाल रहे थे
अलवर के लक्ष्मणगढ़ के मौजपुर बस स्टैंड पर शनिवार रात 2 बजे बदमाश इंडिकेस कंपनी का ATM उखाड़ ले गए। लेकिन एटीएम में कोई रकम नहीं थी। सुबह पुलिस टीम मौके पर पहुंची। चार टीमबनाकर बदमाशों की पड़ताल शुरू की है। वारदात में शामिल बदमाश व पिकअप के फुटेज CCTV से सामने आए हैं। जिसके आधार पर पुलिस जांच में लगी है।
प्राइवेट कंपनी का ATM
मौजपुर गांव के निवासी जितेंद्र पुत्र रामजीलाल सैनी ने थाने में रिपोर्ट दी है कि उसने संजय गोयल की दुकान को किराए पर लेकर इंडिकेस कंपनी के जरिए ATM लगाया हुआ था। जिसे रात को बदमाश उखाड़ ले गए। बदमाश पिकअप लेकर आए। पिकअप के जरिए पहले दुकान के शटर को उखाड़ा। फिर चेन लगाकर एटीएम मशीन ही उखाड़ ले गए।
1 रुपया भी नहीं था
जितेंद्र ने बताया कि एटीएम में एक भी रुपया नहीं था। असल में मशीन में रोजाना सुबह पैसे डाले जाते हैं और रात को वापस निकाल लिए जाते हैं। यह सब वारदात के डर से किया जाता है। ताकि एटीएम उखाड़ने की वारदात से नुकसान नहीं हो। अब पुलिस फुटेज के आधार पर जांच में लगी है। एएसपी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। आवश्यक जानकारी कर जांच शुरू कर दी है।
Naresh Chouhan 

