वन विभाग की पहल जंगलों के टांकों में भरा पानी, जानवरों को मिलेगा पीने का पानी

वन विभाग की पहल जंगलों के टांकों में भरा पानी, जानवरों को मिलेगा पीने का पानी

बिजौलिया तहसील के तिलस्वां गांव के जंगलों में गर्मी बढ़ने के साथ ही जंगली जीवों के लिये पीने के पानी की कमी देखी जा रही है। वन विभाग द्वारा आज बुधवार को यहां वन क्षेत्र में स्थित पानी के टांके और नाड़ी में टैंकर से पानी डलवाने की शुरुआत की गई। तिलस्वां वन पाल नाका इंचार्ज प्रकाश शर्मा ने बताया की यहां बासोटा की धार क्षेत्र में करीब 800 हेक्टेयर क्षेत्रफल में जंगल है।

कभी-कभी दिखता है पैंथर का मूवमेंट
यहां के तिलस्वां, गुढ़ा, कास्या सहित मकरेडी, बाण्यो का तालाब आदि गांवों में वन क्षेत्र फैला हुआ है। यहां धोक, खेर, खाखरा और खिनी पेड़ पाये जाते हैं। यहां के जंगलों में नील गाय, हिरण, लोमड़ी, खरगोश सहित जरख पाये जाते हैं। कभी कभी यहां पैंथर का भी मूवमेंट होता है।

टैंकर के पानी की गई शुरूआत
अप्रैल माह में गर्मी बढ़ने के साथ ही पानी की कमी से जंगली जीव परेशान होने लगे हैं। इसी समस्या को देखते हुए आज से जंगल में स्थित टांकों और नाड़ियों में टैंकर से पानी देने की शुरुआत की गई। पानी के 2 टैंकर मंगवाकर कृतिम जलाशयों में पानी डलवाया गया। गर्मी बढ़ने के साथ समय समय पर पानी की व्यवस्था की जाएगी। इस दौरान वनपाल प्रकाश शर्मा के साथ विभाग के लक्ष्मण सिंह,चांदमल रैगर आदि मौजूद रहे। गौरतलब है कि बिजौलिया तहसील के तिलस्वां गांव में वन विभाग का वन पाल कार्यालय स्थित है।