शीतलहर के बीच एक और मुसीबत: दिल्ली सहित कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, चलेंगी तेज हवाएं

शीतलहर के बीच एक और मुसीबत: दिल्ली सहित कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, चलेंगी तेज हवाएं

Weather Update :मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर, चंडीगढ़ और हरियाणा के कई इलाकों में 23 से 26 जनवरी के बीच हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ठंडी हवाएं चल सकती हैं। उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर का दौर जारी है। हालांकि बीते दो दिन में थोड़ी राहत मिली है। लेकिन, इसी बीच एक और मुसीबत आने वाले है। देश की राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही राजधानी दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ठंडी हवाएं चल सकती हैं।

दिल्ली में छाएंगे बादल, चलेंगी तेज हवाएं


मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज लोगों को ठंड से राहत रहेगी और मौसम भी साफ रहेगा। ठंड का अहसास तो रहेगा लेकिन ठिठुरन नहीं होगी। आईएमडी के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 23 से 27 जनवरी तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 11 डिग्री और 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। इस दौरान बाद छाए रहेंगे, बूंदाबादी होगी और तेज हवाएं चलेंगी।

यूपी के कई जिलों में हुई बारिश


उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण शुक्रवार को हल्की बारिश हुई। आईएमडी के मुताबिक, यूपी के कई जिलों में शनिवार को भी बादल छाए की संभावना है। अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है। मौसम विभाग ने यूपी के लिए पूर्वानुमान लगाया है कि 23 जनवरी को छिटपुट स्थलों पर हल्की बारिश हो सकती है। 24 से 27 जनवरी के बीच विस्तृत क्षेत्र में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती हैं।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट


स्काईमेट वेदर की माने तो 24 घंटें में पश्चिमी हिमालय पर हल्की से मध्यम वर्षा और हिमपात के साथ-साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर पश्चिमी यूपी, आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट और उत्तरी तटीय तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में और वृद्धि हो सकती है

हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में बूंदाबादी


बीते 24 घंटों में हरियाणा के पूर्वी हिस्सों में एक या दो मध्यम स्थानों पर हल्की बारिश हुई। इसके अलावा उत्तरी पंजाब, उत्तरी राजस्थान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और तमिलनाडु के उत्तरी तट के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई है। देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भागों में दिन और रात के तापमान में और वृद्धि हुई।

पहाड़ों पर बर्फबारी जारी


बीते 24 घंटे के दौरान, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई। आईएमडी के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से 26 जनवरी तक पश्चिमी हिमालीय क्षेत्र के प्रभावित करने की आशंका है और इसका प्रभाव 23 से 25 दिसंबर को पश्चिमोत्तर के मैदानों पर देखने को मिलेगा। 22 जनवरी तक हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।