लाखों की चोरी का आरोपी जयपुर से गिरफ्तार बस में सवार होकर भागने की फिराक में था, पुलिस ने पीछा कर पकड़ा
टोंक की सोप थाना पुलिस ने सूने मकान से डेढ़ लाख रुपयों से ज्यादा की चोरी के मामले में एक आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी बस में सवार होकर भागने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे जयपुर के सिंधी कैंप बस स्टैंड से धर दबोचा। सोप पुलिस आरोपी से मामले में पूछताछ कर रही है।
थाना अधिकारी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपी अफजल (20) निवासी उनियारा हाल कस्बा सोप ने करीब सवा माह पहले सोप कस्बे में सूने मकान का ताला तोड़कर 1 लाख 60 हजार रुपये चुराए थे। पुलिस को तभी से आरोपी की तलाश थी। परिवादी सोप निवासी बिहारीलाल शर्मा ने 28 जनवरी को पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में आरोपी का नाम सामने आया था और तभी से पुलिस को आरोपी की तलाश जारी थी।
पुलिस चोरी के इस मामले में आरोपी तक मोबाइल के जरिए पहुंची थी। वारदात के बाद आरोपी अपना मोबाइल वहीं छोड़ गया था। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल को कब्जे में लेकर पूरे मामले की जांच शुरु की थी। अनुसंधान में आरोपी का नाम सामने आया था। लेकिन कस्बे से फरार होने के कारण उसकी गिरफ्तारी नहीं सकी थी।
लेकिन अब मुखबिर की सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी को जयपुर के सिंधी कैंप बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल सोप थाना पुलिस आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है। इस दौरान आरोपी से और भी कई वारदातों के खुलासे हो सकते हैं।


