कंगना रनोट का नया दावा:बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया पर कैंपेन चलाए जा रहे हैं, एक सप्ताह में इंस्टाग्राम पर 5 लाख फॉलोअर्स कम हुए

कंगना रनोट का नया दावा:बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया पर कैंपेन चलाए जा रहे हैं, एक सप्ताह में इंस्टाग्राम पर 5 लाख फॉलोअर्स कम हुए

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनोट का पारा एक बार फिर चढ़ गया है। दरअसल, गुरुवार सुबह कंगना ने अपने ब्रेकफास्ट की तस्वीर शेयर की जिसके बाद वह जमकर ट्रोल हो गईं। सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी इस तस्वीर को फेक बताते हुए कहा कि कंगना ने झूठ बोला है कि उन्होंने ब्रेकफास्ट खुद बनाया है और गूगल से उठाकर फोटो पोस्ट कर दी। लगातार ट्रोल होने पर कंगना को गुस्सा आ गया और उन्होंने सोशल मीडिया पर इसे अपने खिलाफ चलाए जा रहे कैंपेन का हिस्सा करार दिया और कहा कि कोई साजिश रचते हुए सोशल मीडिया पर उनकी छवि ख़राब करने की कोशिश कर रहा है।

कम हुए कंगना के फॉलोवर्स

कंगना ने लिखा, ‘पिछले एक हफ्ते में इंस्टाग्राम से मेरे 5 लाख फॉलोवर्स कम हो गए हैं। यह माफ़िया रैकेट है। वो आपके लिए गुटबाजी करते हैं, आपका बॉयकॉट करते हैं, आपकी छवि और ब्रांड खराब करते हैं। ऐसे ही उन्होंने सुशांत को मारा। ये ऐसे ही आउटसाइडर्स को नींचा दिखाते हैं।’

कंगना बोलीं, ‘एक्स लवर का हाथ है’

कंगना ने आगे कहा, इस सोशल मीडिया कैंपेन के पीछे मेरा एक लवर है जिसके साथ कुछ वक्त के लिए मैं रिलेशन में थी। इन दिनों वह एक हाई प्रोफाइल रिलेशनशिप से लोगों को बेवकूफ़ बना रहा है लेकिन वह उस बच्ची से शादी नहीं करेगा क्योंकि उसके कई राज दबे हुए हैं। आप लोग इंतजार कीजिए, मैं सॉलिड प्रूफ के साथ उसके नाम का पर्दाफाश करूंगी। कंगना अपने किस एक्स लवर पर निशाना साध रही हैं, ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा। वह अब तक बॉलीवुड से ऋतिक रोशन, अध्ययन सुमन और आदित्य पंचोली को डेट कर चुकी हैं।

कंगना ने आगे ये भी कहा कि उनकी टीम ने इस बात का पता लगा लिया है कि कहां से उन्हें बदनाम करने के लिए चलाए जा रहे कैंपेन का पैसा आ रहा है। उन्हें कुछ कंपनियों और फर्जी ईमेल के बारे में मालूम चला है जहां से ये सारे मीम और जानकारियां दी जा रही हैं। कंगना का दावा है कि वो इस शख्स को जानती हैं और सही समय पर उसके नाम का खुलासा करेंगी।