पाकिस्तानी घुसपैठिया ढेर:अनूपगढ़ बॉर्डर पर 16 दिन में घुसपैठ की दूसरी कोशिश, BSF जवानों ने 5 राउंड फायर करके मार गिराया
भारत-पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शनिवार देर शाम दूसरी बार घुसपैठ की कोशिश हुई। BSF के जवानों ने घुसपैठिए को मार गिराया गया। 16 दिन पहले भी इस सीमा पर एक घुसपैठिए को मार गिराया गया था, जिसका शव अब तक पाकिस्तान ने नहीं लिया है।
BSF के जवानाें ने अनूपगढ़ सेक्टर की शेरपुरा चेक पाेस्ट पर टावर नंबर 3 के नजदीक पाक घुसपैठिए काे मार गिराया। मारे गए घुसपैठिए की उम्र की 22 से 24 साल के बीच है। उसके गले में ताबीज है। BSF व पुलिस सूत्राें के अनुसार शनिवार शाम 6:45 बजे यह घुसपैठिया तारबंदी के पास पहुंच गया था। इस पर जवानाें ने उसे ललकारा जब नहीं रुका ताे निगरानी दल ने 5 राउंड फायर किए। एक गोली सीने में एक पैर में लगी और वह तारबंदी से करीब 15 फुट दूर ढेर हो गया। तलाशी में उसके पास कुछ नहीं मिला।
मृतक ने पाकिस्तानी स्टाइल का कुर्ता पायजामा पहना हुआ था। शव अनूपगढ़ की CHC की माेर्चरी में रखवाया गया है। थाने में 7 बजे सूचना मिली। इस पर SHO सुरेंद्र पुनिया भी मौके पर पहुंचे। BSF और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
16 दिन पहले भी मारा था एक घुसपैठिया, अब तक अंतिम संस्कार नहीं
इससे पहले 5 मार्च काे बीएसएफ के जवानाें ने पाक घुसपैठिए काे मार गिराया था। 5 मार्च की रात्रि में मारे गए घुसपैठिए का 16 दिन बाद भी अंतिम संस्कार नहीं हाे पाया। शव पाकिस्तान को सौंपने के लिए पाक रेंजर्स के साथ BSF के अधिकारियों की 6 मार्च को फ्लैग मीटिंग हुई थी। इसमें पाक रेंजर्स ने शव लेने से इनकार कर दिया था। बाद में BSF के अधिकारियों ने पूरे मामले की रिपाेर्ट रक्षा मंत्रालय काे दी।
रक्षा मंत्रालय द्वारा दिल्ली में स्थित पाकिस्तान के दूतावास के माध्यम से घुसपैठिए का शव पाकिस्तान को सौंपने के प्रयास किए गए। सूत्रों के अनुसार रक्षा मंत्रालय ने पाक दूतावास को घुसपैठिए का शव लेने के लिए पत्र भेजा था, परंतु अब तक पाकिस्तान से शव लेने या नहीं लेने के संबंध में कोई जवाब नहीं मिला। उसका शव राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की माेर्चरी में ही रखा है।


