शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को 1176 करोड़ का अतिरिक्त बजट
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए करीब 1176 करोड़ रुपए के अतिरिक्त बजट प्रावधान को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत फ्लैक्सी पूल में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन, प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम सहित अन्य गतिविधियों के लिए 520 करोड़ 37 लाख रु. के अतिरिक्त बजट प्रावधान को मंजूरी दी है।
इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने के साथ ही सुरक्षित एवं संस्थागत प्रसव को बढ़ावा मिल सकेगा। गहलोत ने प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने एवं निवेश प्रोत्साहन के लिए संचालित की गई योजना रिप्स के तहत लंबित दावों के निस्तारण के लिए करीब 471 करोड़ के अतिरिक्त प्रावधान की स्वीकृति दी है। मुख्यमंत्री के इस निर्णय से उद्यमियों को निवेश प्रोत्साहन के तहत मिलने वाली विभिन्न राहतों का लाभ मिल सकेगा।
निजी स्कूलों के लिए 166 करोड़
सीएम ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत निजी विद्यालयों को पुनर्भरण करने के लिए 166 करोड़ 36 लाख रु. के अतिरिक्त बजट प्रावधान को मंजूरी दी है। इससे बच्चों को निशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा मिल सकेगी।
विशेष योग्यजन पेंशन के लिए 18 करोड़ ज्यादा का प्रावधान
सीएम ने सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन पेंशन योजना के लिए भी 18 करोड़ 52 लाख रूपए के अतिरिक्त बजट प्रावधान की स्वीकृति दी है। इससे विशेष योग्यजन को समय पर पेंशन मिल सकेगी।
फुलेरा में 42.65 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा रेलवे ओवरब्रिज
जयपुर जिले के फुलेरा कस्बे में रेलवे क्रॉसिंग पर बहुप्रतीक्षित ओवरब्रिज का निर्माण शीघ्र शुरू होगा। मुख्यमंत्री गहलोत ने इस ओवरब्रिज के निर्माण के लिए स्वीकृति दे दी है। गहलोत ने इस प्रोजेक्ट के लिए राजस्थान परिवहन आधारभूत विकास निधि से राज्य द्वारा देय हिस्सा राशि की 10 प्रतिशत राशि के रूप में 2.13 करोड़ जारी करने के प्रस्ताव का भी अनुमोदन कर दिया है। वित्त विभाग की ओर से प्राप्त प्रस्ताव के अनुसार फुलेरा में रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज की निर्माण लागत 42.647 करोड़ रु. है, जिसमें से 50 प्रतिशत राशि रेलवे द्वारा तथा 50 प्रतिशत राज्य सरकार द्वारा आरटीआईडीएफ से वहन किया जाना है।


