सगाई से नाराज 16 साल की छात्रा घर से भागी थी, बोली-बालिग होने पर पसंद से करूंगी शादी
घरवालाें ने बिना पूछे सगाई की तारीख तय कर दी तो 12वीं में पढ़ने वाली 16 साल की बालिका घर छोड़कर चली गई। वह माैसी के पास पुष्कर चली गई। छात्रा बालिग हाेकर अपने पसंद के लड़के से शादी करना चाहती है। बाल कल्याण समिति के सदस्य गिरवर सिंह झाझड़ ने बताया कि छात्रा के पिता नहीं हैं। उसकी मां और भाइयाें ने मिलकर उसकी सगाई पक्की कर दी थी।
छात्रा बालिग हाेकर अपनी मर्जी से शादी करना चाहती थी। घर वाले नहीं माने ताे छात्रा नाराज हाेकर 21 सितंबर की रात काे 10 बजे बहाने से घर से निकली और पैदल 10 किलाेमीटर दूर रेनवाल राेड कुली स्टैंड पर आ गई। काउंसलिंग में छात्रा ने बताया कि रातभर वह यहां स्टेंड के पास बने विश्राम गृह में रही और सुबह बस में बैठकर जयपुर चली गई।
यहां से अजमेर और इसके बाद पुष्कर अपनी माैसी के पास चली गई। यहां माैसी काे जबरन सगाई की बात बताई और घरवालाें काे उसके यहां हाेने की सूचना देने पर सुसाइड की धमकी दी। माैसी जब बीमार हाे गई ताे उसने फाेन कर छात्रा की मां और भाई काे पुष्कर बुला लिया।
इसके बाद वे उसे लेकर वापस घर लाैट आए। छात्रा ने बयान दिए हैं कि वह अपनी मर्जी से गई थी। उसकाे परमार्थ बालिका गृह में भिजवाया गया। काेर्ट में 164 के बयान हाेने के बाद छात्रा काे उसके परिजनाें के सुपुर्द कर दिया गया है।


