चक्रवात को मिली अरब सागर की नमी: पश्चिमी राजस्थान में बने चक्रवात का रुख हरियाणा की ओर, मंगलवार को बारिश-अंधड़ की संभावना

चक्रवात को मिली अरब सागर की नमी: पश्चिमी राजस्थान में बने चक्रवात का रुख हरियाणा की ओर, मंगलवार को बारिश-अंधड़ की संभावना

पश्चिमी राजस्थान में बना चक्रवात धीमी गति से हरियाणा की ओर अग्रसर हो रहा है, लेकिन अरब सागर से मिल रही नमी से मौसम में नरमी है। इस कारण दिन के तापमान में सोमवार को 1.3 डिग्री की कमी आई है। मौसम विशेषज्ञ आरके सिंह का कहना है कि मंगलवार को भी अरब सागर से नमी मिलने की संभावना है।

पूर्वी राजस्थान, हरियाण और यूपी के इलाकों में बारिश के आसार
अगर ऐसा हुआ तो पूर्वी राजस्थान और उससे सटे हरियाणा और उत्तर प्रदेश के इलाकों में बारिश का माहौल बन सकता है क्योंकि छितराये बादल कायम हैं जो अरब सागर की नमी मिलने पर मजबूत हो जाएंगे। मौसम केंद्र जयपुर का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ राजस्थान में पूरी तरह से सक्रिय है। इस सिस्टम के असर से 23 मार्च को पूर्वी राजस्थान में प्रभाव रहेगा।

मेघ गर्जन के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा के साथ तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है। मौसम केंद्र जयपुर के मौसम विशेषज्ञ राधेश्याम शर्मा के अनुसार इन जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है।

24 मार्च से सिस्टम का असर खत्म होगा तथा मौसम शुष्क रहेगा। बादलों के कारण रात के तापमान में 2.7 डिग्री का इजाफा हुआ है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री रहा। इधर, मौसम में आई नरमी के कारण किसान सारे काम छोड़कर फसल कटाई और उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में जुटे हैं। इस कारण बाजार में लेबर की की कमी की समस्या भी चल रही है।