भरतपुर में जमकर गिरे ओले किसान की फसल हुई तबाह, कलेक्टर ने दिए फसल खराबे की गिरदावरी के आदेश
भरतपुर जिले में देर रात से रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। जिले के डीग, नदबई, नगर, वैर, भुसावर सहित कई इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई जिससे किसानों की खड़ी फसल तबाह हो गई। बारिश और ओलावृष्टि से मौसम में ठंडक भी बढ़ी है। मौसम विभाग ने ओलावृष्टि की पहले ही चेतावनी दे दी थी। किसानों का कहना है उनकी 60 से 70 प्रतिशत फसल ख़राब हो गई है। अब किसान राज्य सरकार से मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
बारिश के साथ पड़े ओले
पूरे जिले में देर रात से ही बारिश हो रही है। लेकिन बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिले में सबसे ज्यादा नुकसान सरसों की फसल को हुआ है। जिले में सबसे ज्यादा सरसों की पैदावार की जाती है। बीती रात हुई ओलावृष्टि से खड़ी सरसों और जमीन छू गई है।
मुआवजे के लिए किसानों ने किया प्रदर्शन
ओलावृष्टि के बाद किसानों ने डीग SDM कार्यालय पर प्रदर्शन किया और फसल की गिरदावरी कर मुआवजे की मांग की, किसान SDM से भी मिले जिसके बाद SDM ने आश्वासन दिया की आज ही फसल की गिरदावरी करवा कर राज्य सरकार को रिपोर्ट भेज दी जाएगी।
क्या कहना है किसानों का
किसानों का कहना है की ओलावृष्टि से कई इलाकों में किसानों की फसल 100 प्रतिशत तबाह हो गई है। जिसके बाद किसान त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। किसान को पहले भी कोरोना महामारी ने मारा था अब ये हुई ओलावृष्टि से किसान पूरी तरह टूट चुका है। सरकार ने पहले आश्वासन था कि किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड माफ़ होंगे लेकिन आज तक वह नहीं हुए।
कहीं किसानों ने रोड किया जाम तो कुछ किसान पहुंचे कलेक्ट्रेट पर
देर रात हुई ओलावृष्टि से किसान काफी परेशान हैं। जिस फसल के भरोसे किसान पूरे साल अपना गुजर बसर करता था वह पूरी तरह से ख़राब हो चुकी है। जिसके बाद किसानों ने गिरदावरी करवाने के लिए डीग में जाम लगाया तो कई जगह SDM को ज्ञापन भी दिए। वहीं जिले के अलग-अलग किसानों का कलेक्ट्रेट पर पहुंचना जारी है। किसान लगातार फसल खराबे को अधिकारियों को ज्ञापन दे रहे हैं।
देर रात हुई ओलावृष्टि के बाद कलेक्टर ने गिरदावरी के आदेश निकाल दिए हैं। फसल खराबे की गिरदावरी कर जल्द ही राज्य सरकार को भेजी जाएगी जिससे किसानों को मुआवजा मिल सके।
Satveer Choudhary 

