ठाकुर जी पर बरसाए फूल: मंदिरों में फाग से शुरू हुआ होली का उल्लास, ठाकुर जी को गुलाल लगाई और अबीर उड़ाकर उत्सव मनाया
सोमवार को सुबह से ही होली की शुरुआत हो गई। मंदिरों में सुबह मंगला की आरती के समय फाग खेला गया। मुखिया महंत पुजारियों ने ठाकुर जी को गुलाल लगाई और श्रद्धालुओं पर गुलाल और अबीर उड़ाकर फाग उत्सव मनाया।
श्रद्धालुओं ने भी आज बिरज में होरी रे रसिया...मृगनयनी को यार नवल रसिया....फाग बरसाने में खेल आए हैं नटवर नंद किशोर....आदि होली गीत गाकर ठाकुर जी के प्रति लाड़ उड़ेला। ठाकुर जी पर फूलों की और गुलाल की बौछार की।
मंदिरों का पूरा परिसर गुलाल के गुबार में रंग गया। हर चेहरा रंग से गुलाल से रंगा था और सब एक दिखाई दे रहे थे। सभी के चेहरे होली के उत्साह से लबरेज थे। दिन चढ़ने के साथ होली का उत्साह सूरज की रश्मियों के साथ तेज होता चला गया। घरों में होली की धमाल प्रारंभ हो गई। लोगों ने एक दूसरे को गुलाल लगाया। समूह में लोग होली उत्सव मनाने निकले। मंदिर, मित्र और रिश्तेदारों के यहां जाकर होली खेली और शुभकामनाएं दीं। यह क्रम दोपहर तक चला।


