भाजपा किसान माेर्चा ने किया कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन फसल खराबे के मुआवजे की मांग काे लेकर किसानों का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम दिया ज्ञापन, दो दिन बाद जनूथर में करेंगे महापंचायत
ओलावृष्टि से खराब हुई फसल के मुआवजे की मांग काे लेकर भाजपा किसान माेर्चा की ओर से साेमवार काे कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया। मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता नेम सिंह फौजदार के नेतृत्व में किसानों ने रैली निकाली। जिला कलेक्टर कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम एडीएम प्रशासन बीना महावर को ज्ञापन सौंपकर मुआवजे की मांग की । किसानों ने राज्य सरकार से फसल खराबे पर मुआवजा देने, किसानों का कृषि ऋण माफ़ करने और बिजली के बिल माफ़ करने की मांग की है।
किसान महाराजा सूरजमल चौराहे से इकट्ठे होकर नष्ट हुई फसल को लेकर रैली निकालते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे व राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। नेम सिंह ने कहा कि ओलावृष्टि ने फसल को तबाह कर दिया है। किसान चाहते हैं कि राम रूठा है, लेकिन राज नहीं रूठे । पहले कांग्रेस सरकार ने कर्ज माफी के नाम पर किसानों के साथ धोखा दिया और अब जब कुदरत ने कहर बरपाया है। राज्य सरकार का कर्तव्य है कि किसानों को मुआवजा दे, कृषि ऋण माफ किए जाएं बिजली के बिल माफ किए जाएं ।
दो दिन बाद जनूथर गांव में किसानों की महापंचायत होगी और यदि सरकार ने किसानों की मांग पूरी नहीं की तो किसान आंदोलन किया जाएगा। उसके लिए राज्य सरकार जिम्मेदार होगी। गौरतलब है कि 2 दिन पहले भरतपुर जिले में हुई भारी ओलावृष्टि से सरसों की फसल तबाह हो चुकी हैं जिसको लेकर किसान चिंतित है। इस मौके पर किसान माेर्चा के प्रदेश प्रवक्ता नैमसिंह, मोहन सिंह सरपंच, सुरेश पूर्व सरपंच ,राजवीर सरपंच, रमेश, विष्णु, ओमी पण्डित, धर्मवीर पूर्व सरपंच शिशवाड़ा, राजवीर नसवाड़ा, लविंदरसिह, विजयसिंह, पंचायत समिति सदस्य दिनेश भातरा, हरभान सिंह आदि ने विचार रखे।


