NH 123 पर हादसा: धौलपुर में ट्रैक्टर को बचाने के चक्कर में पलटी बस, अंदर ही फंसे रह गए यात्री, 8 लोग घायल; 2 महिलाएं और एक बच्ची की हालत गंभीर

NH 123 पर हादसा: धौलपुर में ट्रैक्टर को बचाने के चक्कर में पलटी बस, अंदर ही फंसे रह गए यात्री, 8 लोग घायल; 2 महिलाएं और एक बच्ची की हालत गंभीर

जिले के सैंपऊ में NH 123 पर पंचगांव के पास देर रात ट्रैक्टर को बचाने के चक्कर में एक बस पलट गई। बस में सवार 8 लोग घायल हो गए। इनमें से दो महिलाओं और एक बच्ची की हालत गंभीर है। घटना की जानकारी मिलने पर पंचगाव पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बस झांसी से जयपुर की तरफ जा रही थी। इस बीच NH 123 पर पंचगांव पुलिस चौकी के आगे अचानक बस के आगे ट्रैक्टर आ गया। इसे बचाने के चक्कर में बस बेकाबू होकर सड़क किनारे नीचे गड्ढे में जा गिरी। बस पलटते ही चीख पुकार मच गई। कई सवारियां बस के अंदर ही फंस गई। जिन्हें मौके पर पहुंची पुलिस ने बाहर निकाला।

ये हुए घायल

दुर्घटना में योगेश पुत्र प्रमोद, सतीश पुत्र मुन्ना, धर्मेंद्र पुत्र देवीलाल, संजय पुत्र नंदकशोर, नीरज माहोर पत्नी बंटी, कृष्णा पुत्री बंटी और गीता पत्नी गोपाल दास घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। घायलों में दो महिलाएं एवं एक बच्ची के गंभीर चोट बताई जा रही है।

घायल हालत में अस्पताल में भर्ती बच्ची।

घायल हालत में अस्पताल में भर्ती बच्ची।

बस को जब्त किया

घायल सवारियों के परिजनों को घटना से अवगत करा दिया है। निजी बस को पुलिस ने जब्त कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।