'धाकड़' के मेकर्स ने भी किया ऐलान, दीवाली के बाद ओटीटी नहीं पहले सिनेमाघरों में ही रिलीज होगी फिल्म

'धाकड़' के मेकर्स ने भी किया ऐलान, दीवाली के बाद ओटीटी नहीं पहले सिनेमाघरों में ही रिलीज होगी फिल्म

फिल्म 'धाकड़' की शूटिंग 12 अगस्‍त को पूरी हो गई है। उनके मेकर्स ने भी 'बेलबॉटम' और 'चेहरे' की तरह अपनी फिल्‍म ओटीटी से पहले सिनेमाघरों में ही रिलीज करने का ऐलान किया है। अब प्रोड्यूसर दीपक मुकुट ने दैनिक भास्‍कर से खास बातचीत में कहा, "बुडापेस्‍ट में हमने फिल्‍म की शूटिंग कंप्‍लीट कर ली है। यह हाल के बरसों में आई बॉलीवुड की दूसरी फीमेल सेंट्रिक एक्‍शन फिल्‍म होगी। इससे पहले फिल्म 'नाम शबाना' में तापसी ने एक्‍शन किया था। यहां कंगना 'धाकड़' से एक्‍शन जॉनर में एक नया ट्रेंड शुरू कर रही हैं। यह मूवी थिएटर के लिए ही बनी है। हम सौ फीसदी इसे सिनेमाघरों में ही रिलीज करेंगे। सितंबर या उसके बाद अगर कोविड की तीसरी लहर नहीं आई तो हम इसे इसी साल थिएटर्स में ही लाएंगे। हां, यह जरूर है कि सिनेमा के लिए जितना इंतजार फिल्म 'सूर्यवंशी' या 'चेहरे' ने किया, उतना तो हम नहीं कर सकते हैं।"

नवंबर में हो सकती है फिल्म 'धाकड़' की रिलीज

दीपक मुकुट ने यह भी स्‍पष्‍ट कर दिया कि फिल्‍म इस गांधी जयंती पर तो नहीं रिलीज होगी। दीपक ने कहा, "वह इसलिए कि पैंडेमिक और कंगना का पासपोर्ट रिन्‍युअल में हुई देरी के चलते बुडापेस्‍ट का शेड्यूल डेढ़ महीना आगे खिसक गया। लिहाजा अभी तो फिल्‍म पोस्‍ट प्रॉडक्‍शन स्‍टेज में ही है। उसे पूरा होने में दो से ढाई महीने तो जाएंगे ही। नतीजतन, इसे दीवाली के बाद रिलीज किया जाएगा। हम 12 से 15 नवंबर वाली तारीख पर विचार कर रहे हैं। यह हाई बजट फिल्‍म है और 70 से 80 करोड़ से ज्‍यादा इसकी लागत है। हमने इसका एक्‍शन बुडापेस्‍ट में फिल्‍माया है। वैसे हम बेलारूस में इसे फिल्‍माने वाले थे।"

बुडापेस्‍ट में हुई है फिल्म की शूटिंग

दीपक ने आगे कहा, "इंडिया में फिल्‍म एमपी में पूरी की गई। बेलारूस के मुकाबले बुडापेस्‍ट में मेकर्स को लोकेशन पसंद आई, इसलिए उसकी शूटिंग वहीं पूरी की गई। बुडापेस्‍ट में मौसम संबंधी दिक्‍कत नहीं आई। वहां हालात जरूर थोड़े अलग थे। वहां दिन बड़े होते थे। रात नौ बजे तक सूर्य अस्‍त होता था और मॉर्निंग में सुबह पांच बजे ही सूर्यादय हो जाता था। लिहाजा हमें वहां काम करने के घंटे ज्‍यादा मिल गए। ऐसे में वह शेड्यूल लेट शुरू होने के बावजूद 12 अगस्‍त को ही कंप्‍लीट हो गया। कंगना के किरदार से सिर्फ एक्‍शन करवाया गया है।"

फिल्म में करीबन चार गाने हैं

दीपक ने बताया, "अर्जुन रामपाल और दिव्‍या दत्‍ता की मौजूदगी तक बुडापेस्‍ट में एक्‍शन सीक्‍वेंस फिल्‍माए जाते रहे थे। अगस्‍त के पहले दो वीक में गानों की शूटिंगें हुईं। 10 अगस्‍त को हमने वहां के एक क्‍लब में एक गाना शूट किया। उस गाने में कंगना का किरदार शेख को मारता है। जैसे 'रईस' में सनी लियोनी वाले डांस नंबर में शाहरुख खान का किरदार क्‍लब में दूसरे विलेन को मारने पहुंचता है। मगर यहां डांस नंबर कंगना पर ही पिक्‍चराइज किया गया है। वो फिल्म में डांस और एक्‍शन दोनों करती हैं। फिल्‍म में कुल चार से पांच गाने हैं। एक शुरूआत में गाना है, दूसरी लोरी है। तीसरा गाना कंगना की एंट्री पर डिजाइन किया है। चौथा क्‍लब सॉन्ग है।

'थलाइवी' के सिनेमाघरों में रिलीज के दो हफ्ते बाद ही फिल्म ओटीटी पर आएगी

उधर, 'थलाइवी' से जुड़े सूत्रों ने कहा कि 'बेलबॉटम', 'चेहरे' और 'केजीएफ2' के बॉक्‍स ऑफिस कलेक्‍शन्स को मिलने वाले रेस्‍पॉन्‍स के तहत सिनेमाघरों में फिल्‍म रिलीज की जाएगी। सूत्रों ने कहा, "हम 10 सितंबर को थिएट्रिकल रिलीज प्‍लान कर रहे हैं। हालांकि तमिलनाडु, गोवा और मुंबई-महाराष्‍ट्र के सर्किट में सिनेमाज खुले नहीं हैं। ऐसे में 'चेहरे' के बाद तय हो पाएगा कि फिल्‍म 10 सितंबर को ही सिनेमाज में लानी है या उसके बाद फिर कभी। वैसे यह तय है कि फिल्‍म जब भी आए पर वो सिनेमाघरों में ही आएगी, उसके दो हफ्तों के गैप के बाद ही ओटीटी पर आएगी। डिजिटल प्‍लेटफॉर्म के लिहाज से हिंदी में यह नेटफ्ल‍िक्‍स पर आएगी, जबकि साउथ इंडियन लैंग्‍वेज के लिए एमेजॉन प्राइम पर आएगी।"