एनकाउंटर पर सियासत: केंद्रीय मंत्री, उपनेता प्रतिपक्ष और विधायक ने एनकाउंटर पर उठाए सवाल

एनकाउंटर पर सियासत: केंद्रीय मंत्री, उपनेता प्रतिपक्ष और विधायक ने एनकाउंटर पर उठाए सवाल

बाड़मेर शहर में सेंट पॉल स्कूल के पास कमलेश प्रजापत के एनकाउंटर के 48 घंटे बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से सियासत गरमा गई है। केंद्रीय जल संसाधन मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत व उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ व पचपदरा विधायक मदन प्रजापत ने एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए बाड़मेर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटनाक्रम के दौरान पुलिस के हैड कांस्टेबल ने कमलेश पर फायरिंग का आरोप लगाया था, जबकि एसपी आनंद शर्मा ने फायरिंग नहीं होने की बात कही थी। इसको लेकर भाजपा नेताओं ने सरकार व पुलिस की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।

कमलेश को घेरकर पीटा, मामले की सीबीआई जांच की जानी चाहिए
सीसीटीवी फुटेज से लगता है कि बाड़मेर पुलिस ने कमलेश प्रजापति की हत्या की है। जिसे एनकाउंटर का नाम दिया। वीडियो में दिख रहा है कि कमलेश को घेर कर पीटा गया और फिर गोलियां मारी गई। घटनास्थल पर संघर्ष के निशान नजर नहीं आते। इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की जानी चाहिए। -गजेंद्रसिंह शेखावत, केंद्रीय जल संसाधन मंत्री

सुनियोजित तरीके से हुई घटना, मामले की उच्च न्यायिक जांच हो
बाड़मेर में पुलिस और तस्कर कमलेश प्रजापति के बीच हुई मुठभेड़ का सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे मौके पर सीसीटीवी फुटेज से साफ झलक रहा है कि पुलिस ने बिना किसी संघर्ष के सुनियोजित तरीके से सीधी गोली मारकर कमलेश की हत्या की है। सरकार इस प्रकरण की जांच न्यायिक उच्च अधिकारी अथवा सीबीआई से करवाएं।-राजेंद्र राठौड़, उप नेता, प्रतिपक्ष

कमलेश का एनकाउंटर नहीं, षड्यंत्र से हत्या की गई
कमलेश एनकाउंटर का वीडियो वायरल होने के बाद छत्तीस कौम में आक्रोश है। जब सामने से कोई फायर ही नहीं हुआ तो मारने की नौबत क्यों आई। यह एनकाउंटर नहीं हत्या का षडयंत्र था। इस मामले में मैं समाज के साथ था और आज भी हूं।-मदन प्रजापत, विधायक पचपदरा