सेड़वा उपखंड क्षेत्र का मामला: एसडीएम की समझाइश से 8 शादियां स्थगित

सेड़वा उपखंड क्षेत्र का मामला: एसडीएम की समझाइश से 8 शादियां स्थगित

उपखंड मुख्यालय सेड़वा में आगामी दिनों में होने वाली आठ शादियों को लेकर उपखंड अधिकारी के पास अनुमति के लिए आवेदन प्राप्त हुए। उपखंड कार्यालय सेड़वा के वरिष्ठ सहायक रामनारायण विश्नोई ने बताया कि आगामी पांच-सात दिनों में सेड़वा उपखंड क्षेत्र में आठ शादियों को लेकर अनुमति के लिए आवेदन प्राप्त हुए।

आवेदन प्राप्त होने पर उपखंड अधिकारी सुनीलकुमार चौहान ने सकारात्मक सोच के तहत पहल करते हुए आयोजनकर्ताओं के घर-घर जाकर मुलाकात की तथा कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए तथा 31 लोगों से अधिक लोगों की अनुमति नहीं होने एवं अनुमत लोगों से अधिक भीड़ जुटाने और निर्धारित समय से अधिक समय लगने पर जुर्माना वसूलने तथा अन्य कानूनी कार्रवाई का हवाला देकर लोगों से समझाइश की।

उन्होंने कुछ समय तक शादियां टालने की बात की। इस पर शादियां टालने का फैसला लिया तथा अनुमति को लेकर दिया गया आवेदन वापस लेते हुए सामान्य परिस्थितियां होने तक शादियां टालने को लेकर शपथ पत्र पेश किए। इस पर उपखंड अधिकारी ने पटवारी, बीएलओ, पीईईओ तथा संबंधित वार्ड पंचों को निगरानी के आवश्यक निर्देश दिए।

गंगासरा में शुक्रवार को होने वाली चार शादियों को भी कुछ समय के लिए स्थगित करने की बात कही लेकिन वर एवं वधु पक्ष वालों ने अपनी कुछ मजबूरियां बताते हुए रस्में निभाकर ही शादी संपन्न करने व प्रीतिभोज नहीं करने का निर्णय लिया।