एक शिक्षक जरूरतमंदों को फ्री में दे रहा 150ml पेट्रोल:एक दिन पहले ही अपनी दो बाइकों की टंकियां फुल करवाई, बोले- लोगों की दुआ मिलेगी

Apr 11, 2021 - 02:30
Apr 11, 2021 - 02:34
एक शिक्षक जरूरतमंदों को फ्री में दे रहा 150ml पेट्रोल:एक दिन पहले ही अपनी दो बाइकों की टंकियां फुल करवाई, बोले- लोगों की दुआ मिलेगी

भरतपुर समेत राज्य में पेट्रोल-डीजल पर दो साल में 10 से 12 फीसदी वैट बढा़ दिया है। इसके चलते सीमावर्ती जिलों से 7 से 10 रुपए तक महंगा है। इसलिए लोग यूपी, हरियाणा, एमपी से पेट्रोल-डीजल भरवाते हैं। इसके चलते शनिवार को पेट्रोल पंप संचालक हड़ताल पर रहे। वहीं, इस हड़ताल के बीच भरतपुर में एक व्यक्ति लोगों की मदद करता दिखा। जिसने जरूरतमंद को 150 एमएल पेट्रोल निशुल्क दिया। हमने पूछा इससे आपको क्या मिलेगा। बोले-लोगों की दुआ।

शनिवार को भरतपुर में पंप बंद रहे। इस कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जरूरतमंदों ने मथुरा, आगरा बॉर्डर के पंपों से पेट्रोल-डीजल भरवाया। बंद के दौरान के वाहनों को घसीट कर पंप से निराश लौट रहे कुछ लोगों के लिए शिक्षक मोहन शर्मा आशा की किरण बन कर सामने आए। उन्होंने छोटी-छाेटी बोतलों में अति जरूरतमंदों को दो पहिया वाहन चालकों को पेट्रोल दिया, ताकि वे बॉर्डर एरिया में जाकर पेट्रोल लेकर आ सकें।

मोहन शर्मा ने बताया कि बंद के दौरान कई ऐसे जरूरतमंद लोग निकलते ही हैं। इसलिए मैंने कल ही टंकी फुल करवा ली थी। मुझे लगा कि उक्त व्यक्ति अति जरूरतमंद है तो मैंने उसे 150 एमएल पेट्रोल निशुल्क दिया, जिससे वो अपना काम चला सके। शर्मा ने अपनी दो बाइकों की टंकी को एक दिन पहले ही फुल करवा लिया था। हमने पूछा इससे आपको क्या मिला। बोले-लोगों की दुआ।

वाहनों को घसीटकर ले जाते लोग।

वाहनों को घसीटकर ले जाते लोग।

जिले के सभी 171 पेट्रोल पंप रहे बंद

क्षेत्रीय कमेटी के सदस्य मनोज शर्मा ने बताया कि शनिवार को प्रदेश के 7 हजार पेट्रोल-डीजल पंप रात 12 बजे तक बंद रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर राज्य सरकार ने हड़ताल के बाद भी वैट में कमी नहीं की तो 25 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। शनिवार को जिले के सभी 171 पंप बंद रहे। लेकिन इमरजेंसी सेवा वाहनों को इसमें छूट दी गई थी। शर्मा ने बताया कि इससे डीलर्स के साथ सरकार को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है। मसलन, जिले में करीब 10 लाख लीटर डीजल की सेल थी, लेकिन अब यह 2 लाख तक सिमट गई है। इसलिए वैट रेट पड़ोसी राज्यों के बराबर की जाए। शर्मा ने दावा किया कि केवल एक दिन की हड़ताल से 34 करोड़ रुपए के राजस्व का नुकसान हुआ है।